शामली (उत्तर प्रदेश): गन्ना किसानों के बकाया भुगतान, कृषि समस्याओं और किसान हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष कालेंद्र मलिक (कालू प्रधान) के नेतृत्व में किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए 15 सूत्रीय मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। भाकियू (अराजनीतिक) ने विशेष रूप से गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को ब्याज सहित जल्द जारी करने की मांग उठाई। किसानों का कहना है कि समय पर भुगतान न मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है।
ज्ञापन में किसानों ने नकली कीटनाशकों और बीजों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने तथा दोषी कंपनियों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही खराब बीजों से नुकसान उठाने वाले किसानों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई। संगठन ने सभी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सरकारी खरीद सुनिश्चित करने और फसल बीमा योजना को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। गन्ना उत्पादक किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए यूनियन ने सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने, नहरों और रजवाहों की सफाई कराने तथा खराब पड़े सरकारी नलकूपों को तत्काल चालू करने की मांग की। भाकियू (अराजनीतिक) ने चेतावनी दी कि यदि गन्ना भुगतान सहित किसानों की लंबित समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो संगठन व्यापक आंदोलन शुरू करेगा।


















