कबीरधाम: सरकार जहां किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के दावे कर रही है, वहीं कबीरधाम जिले के हजारों गन्ना किसान अपने ही बकाया भुगतान के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। किसानों का आरोप है कि, गन्ना बिक्री के चार महीने बीत जाने के बाद भी करोड़ों रुपये का भुगतान लंबित है। दूसरी ओर खरीफ सीजन की शुरुआत के बीच खाद की कमी और कालाबाजारी ने किसानों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। इन समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ और छत्तीसगढ़ समृद्ध किसान संघ ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का फैसला किया है। दोनों संगठनों ने 30 जून से पलानसरी मोड़ पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम करने की घोषणा की है।
ग्राम रुसे में आयोजित किसानों की बैठक में किसानों ने चेतावनी दी है कि, यदि 30 जून तक बकाया गन्ना भुगतान, खाद संकट और अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।किसानों के अनुसार, चीनी मिल ने पेराई सत्र 2025-26 के दौरान 8,050 किसानों से 12.17 लाख क्विंटल से अधिक गन्ना खरीदा था। मिल प्रबंधन के आंकड़ों के मुताबिक इस गन्ने के बदले किसानों को कुल 40 करोड़ 5 लाख 25 हजार 52 रुपये का भुगतान किया जाना है। हालांकि, 14 दिसंबर 2025 से 7 फरवरी 2026 के बीच खरीदे गए गन्ने का 23 करोड़ 74 लाख 20 हजार 168 रुपये का भुगतान अब तक लंबित है। भुगतान में हो रही देरी से किसानों के सामने खेती-किसानी के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने का संकट खड़ा हो गया है। किसानों का कहना है कि, यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

















