रोहतक : हरियाणा में गन्ना किसानों ने गन्ने का उचित भाव बढ़ाने और राज्य की सभी सहकारी चीनी मिलों का वास्तविक सहकारी दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के बैनर तले अखिल भारतीय किसान सभा और गन्ना उत्पादक किसानों ने रोहतक में किसान पंचायत आयोजित की। इस पंचायत में राज्य सरकार की गन्ना मूल्य नीति पर नाराजगी जताते हुए किसानों ने अपनी मांगें उठाईं।
गन्ने के भाव में 15 रुपये की बढ़ोतरी को बताया नाकाफी
किसान पंचायत में हरियाणा सरकार द्वारा गन्ने के दाम में केवल 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर इसे 430 रुपये प्रति क्विंटल करने के फैसले की आलोचना की गई। किसानों ने कहा कि, मौजूदा बढ़ोतरी खेती की लगातार बढ़ती लागत और चीनी के बाजार भाव को देखते हुए पर्याप्त नहीं है। किसानों का कहना है कि गन्ने की खेती में खाद, बीज, कीटनाशक, सिंचाई, मजदूरी और डीजल सहित सभी खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। इसके बावजूद सरकार द्वारा घोषित मामूली बढ़ोतरी से किसानों को आर्थिक राहत नहीं मिल रही है।
चीनी के साथ उप-उत्पादों की कमाई में भी हिस्सेदारी की मांग
किसानों ने मांग की कि, गन्ने का उचित मूल्य तय करते समय केवल चीनी की कीमत ही नहीं, बल्कि चीनी मिलों से तैयार होने वाले अन्य उत्पादों से होने वाली आय को भी ध्यान में रखा जाए। उन्होंने कहा कि, चीनी मिलों को शीरा (मोलासेस), एथेनॉल और बगास जैसे उप-उत्पादों से भी अच्छी आमदनी होती है। इसलिए इन उत्पादों से होने वाले आर्थिक लाभ को ध्यान में रखते हुए गन्ने का लाभकारी मूल्य निर्धारित किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर दोहरे रवैये का आरोप
किसान नेताओं ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब में राजनीतिक नेताओं से संपर्क साधने और वोट मांगने में सक्रिय हैं, लेकिन हरियाणा के किसानों की समस्याओं और मांगों की अनदेखी कर रहे हैं। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य और सहकारी चीनी मिलों को उनका वास्तविक स्वरूप नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेशभर में किसान पंचायतों का आयोजन
पंचायत की अध्यक्षता चरण सिंह ने की, जबकि मंच संचालन सुमित दलाल ने किया। इस अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा के वरिष्ठ प्रदेश नेताओं रतन मान, इंदरजीत सिंह, जोगेंद्र नैन, मोनिका, सुशीला, रणधीर सिंह हुड्डा और जयवीर कुंडू सहित कई किसान नेताओं ने अपने विचार रखे। इंदरजीत सिंह ने बताया कि, यह पंचायत प्रदेशभर में किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित की जा रही बैठकों की कड़ी का हिस्सा है। इससे पहले सोनीपत, करनाल, असंध, यमुनानगर, जींद और नारायणगढ़ में भी किसान पंचायतें आयोजित की जा चुकी हैं।
किसानों की मांगों पर सरकार की नजर
किसान संगठनों ने सरकार से गन्ने का लाभकारी मूल्य बढ़ाने और सभी सहकारी चीनी मिलों का वास्तविक सहकारी स्वरूप बहाल करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि गन्ना उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलना चाहिए और सहकारी संस्थाओं का संचालन किसानों के हितों को प्राथमिकता देकर किया जाना चाहिए। अब देखना होगा कि हरियाणा सरकार किसानों की इन मांगों पर क्या रुख अपनाती है और गन्ना मूल्य को लेकर आगे क्या फैसला लिया जाता है।

















