नई दिल्ली : वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) ने भारत से सिंगापुर के लिए प्रीमियम बंगनपल्ली आमों की पहली व्यावसायिक समुद्री खेप भेजने में सफलता हासिल की है। यह पहल भारतीय बागवानी उत्पादों के किफायती और टिकाऊ निर्यात को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इस खेप में 5 मीट्रिक टन बंगनपल्ली आम शामिल थे, जिनका निर्यात एम/एस ओसम फूड सॉल्यूशंस एलएलपी द्वारा किया गया। यह खेप 11 जून 2026 को भारत से रवाना हुई और 24 जून 2026 को सिंगापुर पहुंची।
एपेडा ने आईसीएआर-केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (CISH), लखनऊ के सहयोग से इस समुद्री निर्यात को सफल बनाया। इस पहल का उद्देश्य भारतीय प्रीमियम आमों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार का विस्तार करना और समुद्री परिवहन को निर्यात के एक व्यवहारिक विकल्प के रूप में बढ़ावा देना है। निर्यात किए गए आम आंध्र प्रदेश के गुड एग्रीकल्चरल प्रैक्टिसेज (GAP) प्रमाणित बागों से प्राप्त किए गए थे। इन्हें कर्नाटक स्थित एपेडा-मान्यता प्राप्त पैकहाउस में प्रसंस्कृत और पैक किया गया। पूरी खेप को सिंगापुर द्वारा निर्धारित गुणवत्ता और पौध स्वास्थ्य (फाइटोसैनिटरी) मानकों के अनुरूप तैयार किया गया।
सिंगापुर स्थित आयातक कंपनी ईसी-लिंक्स प्राइवेट लिमिटेड ने खेप के पहुंचने पर आमों की गुणवत्ता की सराहना की। कंपनी ने आमों की मिठास, एकसमान पकने की क्षमता, बेहतर शेल्फ लाइफ और उत्कृष्ट पौध स्वास्थ्य स्थिति को विशेष रूप से सराहा। मंत्रालय ने बताया कि यह खेप सभी आयात मानकों पर खरी उतरी, जिससे यह साबित हुआ कि वैज्ञानिक कटाई-पश्चात प्रबंधन और कोल्ड-चेन लॉजिस्टिक्स समुद्री परिवहन के दौरान फलों की गुणवत्ता बनाए रखने में प्रभावी हैं।
इस निर्यात से किसानों को आर्थिक लाभ भी मिला। जहां घरेलू बाजार में बंगनपल्ली आम की कीमत 25 से 26 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच थी, वहीं निर्यात के जरिए किसानों को लगभग 50 रुपये प्रति किलोग्राम का मूल्य प्राप्त हुआ। इससे किसानों की आय लगभग दोगुनी हो गई और उन्हें अतिरिक्त लाभ मिला। बंगनपल्ली आम भारत की सबसे लोकप्रिय आम किस्मों में से एक है। इसकी सुनहरी पीली रंगत, मनमोहक सुगंध, रेशारहित गूदा और भरपूर मिठास के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अच्छी मांग है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस किस्म के निर्यात में भविष्य में और अधिक वृद्धि की संभावनाएं हैं। मंत्रालय ने कहा कि, एपेडा ताजे फल और सब्जियों के निर्यात में समुद्री परिवहन को बढ़ावा देने के लिए बाजार विकास, आधारभूत संरचना सहायता और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों पर लगातार काम कर रहा है। इससे भारतीय बागवानी उत्पादों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता और मजबूत होगी।


















