मध्य प्रदेश : वेतन विसंगति और पदोन्नति को लेकर चीनी मिल श्रमिकों ने उठाई आवाज, कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग

बुरहानपुर :नवल सिंह सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, नवल नगर के श्रमिकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मध्य प्रदेश मजदूर कांग्रेस इंटक के प्रदेश सचिव लालचंद पटेल ने गुरुवार को कलेक्टर हर्ष सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने श्रमिकों के वेतन, पदोन्नति और अन्य सुविधाओं से जुड़ी कई विसंगतियों को दूर करने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि, कारखाने में कार्यरत श्रमिकों का ग्रेड फिटमेंट वर्ष 2022 में 34,898 रुपये निर्धारित किया गया था, लेकिन जुलाई 2022 में बिना किसी पूर्व सूचना के इसे घटाकर 29,156 रुपये कर दिया गया। इससे प्रत्येक श्रमिक को 5,742 रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। श्रमिक संगठनों ने इसे कर्मचारियों के साथ अन्याय बताते हुए सुधार की मांग की है।

लालचंद पटेल ने कहा कि, स्थायी कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद उनकी जिम्मेदारियां सीजनल और संविदा श्रमिकों द्वारा कुशलतापूर्वक निभाई जा रही हैं। वर्ष 2022 में मुख्य अभियंता द्वारा इन कर्मचारियों को दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बाद पदोन्नति देने का लिखित आश्वासन दिया गया था, लेकिन चार वर्ष बीत जाने के बावजूद उन्हें पदोन्नति का लाभ नहीं मिला है। श्रमिक अब भी पदोन्नति आदेश जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसके अलावा, कारखाना परिसर में स्थित उद्यान (गार्डन) की देखरेख करने वाले कर्मचारियों को कई वर्षों से वेतन वृद्धि का लाभ नहीं मिलने की शिकायत भी उठाई गई है। श्रमिकों ने प्रशासन से इस मामले में न्याय दिलाने की मांग की है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि, वर्ष 2016-17 में नियुक्त श्रमिकों का ग्रेड पे 1300 रुपये निर्धारित किया गया था, जबकि उसी श्रेणी में वर्ष 2025 में नियुक्त कर्मचारियों को 1400 रुपये ग्रेड पे दिया जा रहा है। इससे पुराने कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ उनके मनोबल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। श्रमिकों ने इस वेतन विसंगति को दूर करने की मांग की है। इसके साथ ही फील्ड में कार्यरत पर्यवेक्षकों, कृषि सहायकों और प्रभारी कृषि सहायकों की वार्षिक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) 1 मई 2024 से बिना किसी कारण और पूर्व सूचना के रोक दी गई है। श्रमिक संगठन ने इसे अनुचित बताते हुए तत्काल बहाल करने की मांग की है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here