छत्रपति संभाजीनगर: गन्ना उत्पादक किसानों के बकाया एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) के भुगतान को लेकर राजस्व प्रशासन ने आखिरकार सख्त कदम उठाया है। पैठण तहसील स्थित संत एकनाथ सहकारी चीनी मिल की जब्त संपत्ति को बिक्री के लिए रखा गया है और तहसील प्रशासन ने इसके लिए निविदा (टेंडर) प्रक्रिया शुरू कर दी है। नीलामी से प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग सीधे किसानों के बकाया भुगतान के लिए किया जाएगा।
चीनी मिल के वित्तीय लेन-देन को लेकर उठे विवाद के बीच मिल के पूर्व चेयरमैन सचिन घायाल पर आर्थिक अनियमितताओं के आरोप लगे हैं और वे फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। किसानों के बकाया की वसूली के लिए शुरू की गई इस प्रक्रिया का क्या परिणाम निकलता है, इस पर पूरे पैठण क्षेत्र के किसानों की नजरें टिकी हुई हैं। चीनी मिल द्वारा भुगतान नहीं किए जाने के कारण हजारों गन्ना किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे थे।इसी को देखते हुए राजस्व विभाग ने मिल की चल संपत्ति (जंगम संपत्ति) को जब्त कर लिया था। अब इस संपत्ति की बिक्री की प्रक्रिया 25 जून से 29 जून 2026 तक संचालित की जा रही है।
तहसीलदार ज्योति पवार के अनुसार, नीलामी में लगभग 1 लाख 34 हजार 658 क्विंटल चीनी, 1,800 मीट्रिक टन शीरा (मोलासिस), बैलगाड़ियां, चार ट्रैक्टर (जिनमें दो चालू और दो बंद हैं) तथा अन्य मशीनरी और उपकरण शामिल हैं।गन्ना उत्पादक किसानों का एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) बकाया रखने वाली चीनी मिलों के खिलाफ चीनी आयुक्तालय ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। एफआरपी भुगतान में विफल मिलों को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किए गए है।आरआरसी जारी होने के बाद संबंधित जिलाधिकारियों को मिलों की संपत्तियां बेचकर किसानों का बकाया वसूलने का अधिकार मिल जाता है।राज्य के प्रभावशाली नेताओं से जुड़ी चीनी मिलों पर भी कार्रवाई शुरू होने से चीनी उद्योग में हलचल मच गई है।


















