बदायूं : गन्ना किसानों के बकाया भुगतान में कथित लापरवाही और देरी के मामले में यदु शुगर लिमिटेड, बिसौली के निदेशक कुणाल यादव समेत तीन अधिकारियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। ‘भास्कर’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, आरोप है कि मिल प्रबंधन ने समय पर गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं कर किसानों के आर्थिक हितों को नुकसान पहुंचाया। दर्ज मामले में यदु शुगर लिमिटेड के निदेशक कुणाल यादव, अध्यक्ष सुरेश चंद्र जौहरी और इकाई प्रमुख वाई.पी. सिंह को नामजद किया गया है। कुणाल यादव पूर्व सांसद डी.पी. यादव के पुत्र हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई गन्ना विकास समिति लिमिटेड, बदायूं के सचिव प्रदीप कुमार वर्मा की शिकायत के आधार पर बिसौली कोतवाली में की गई। शिकायत के अनुसार, यदु शुगर लिमिटेड ने 21 नवंबर 2025 को पेराई सत्र शुरू किया था। 26 जनवरी 2026 तक मिल ने करीब 9.17 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की, जिसकी अनुमानित कीमत 3,607.44 लाख रुपये थी। नियमों के तहत गन्ना खरीद के 14 दिनों के भीतर किसानों को भुगतान किया जाना अनिवार्य है, लेकिन निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं किया गया।
गन्ना भुगतान में देरी को लेकर जिला गन्ना अधिकारी, बदायूं समेत विभागीय अधिकारियों ने मिल प्रबंधन को कई बार नोटिस जारी किए, लेकिन इसके बावजूद भुगतान की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। शिकायत में बताया गया है कि पेराई सत्र 2025-26 का मिल पर किसानों का लगभग 2,195.71 लाख रुपये का गन्ना मूल्य तथा 38.94 लाख रुपये का अंशदान बकाया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि, भुगतान में लगातार देरी के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और उनमें असंतोष बढ़ा। इसी आधार पर पुलिस ने मिल प्रबंधन के खिलाफ विश्वासघात, धोखाधड़ी और आर्थिक शोषण समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


















