वियतनाम : तस्करी की चीनी से संकट में देश का सबसे बड़ा गन्ना उत्पादक क्षेत्र, किसानों और चीनी मिलों पर बढ़ा आर्थिक दबाव

डाक लक: देश का सबसे बड़ा गन्ना उत्पादक क्षेत्र डाक लक इस समय गंभीर संकट का सामना कर रहा है। तस्करी से लाई जा रही सस्ती चीनी और विदेशी चीनी की बढ़ती आमद के कारण प्रदेश का चीनी उद्योग मुश्किल दौर से गुजर रहा है।चीनी मिलों के पास 1.03 लाख टन से अधिक चीनी का स्टॉक जमा हो गया है, जबकि गन्ने की कीमतों में गिरावट से हजारों किसान घाटे में हैं और गन्ने की खेती छोड़ने की स्थिति में पहुंच गए हैं।

वर्ष 2024-25 के फसल सीजन में डाक लक में करीब 45,000 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती हुई और 29 लाख टन से अधिक उत्पादन का अनुमान है। क्षेत्रफल के लिहाज से यह देश में पहले और उत्पादन के मामले में दूसरे स्थान पर है। यहां पांच चीनी कंपनियों के छह प्रसंस्करण संयंत्र संचालित हैं, जो हजारों लोगों को रोजगार और 19,100 से अधिक गन्ना उत्पादक परिवारों को आजीविका प्रदान करते हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हालांकि, चीनी कंपनियों का कहना है कि तस्करी की चीनी और व्यापारिक धोखाधड़ी के कारण घरेलू बाजार में उनकी बिक्री लगातार प्रभावित हो रही है। 333 शुगर कंपनी के अनुसार, उसके पास अकेले 19,160 टन चीनी का स्टॉक जमा है। वहीं केसीपी वियतनाम इंडस्ट्रियल कंपनी के पास 52,641 टन, तुई होआ शुगर कंपनी के पास 28,788 टन और डाक लाक शुगर कंपनी के पास 2,601 टन चीनी का स्टॉक पड़ा हुआ है। कुल मिलाकर प्रदेश की चीनी मिलों के पास 1,03,000 टन से अधिक चीनी का भंडार है।

कंपनियों का आरोप है कि, थाईलैंड की सस्ती चीनी लाओस और कंबोडिया के रास्ते तस्करी कर वियतनाम पहुंच रही है।तस्करी की चीनी पर कर नहीं लगता, जबकि घरेलू कंपनियों को करों का भुगतान करना पड़ता है। इससे स्थानीय चीनी उद्योग की प्रतिस्पर्धा क्षमता कमजोर हो रही है और बिक्री प्रभावित हो रही है। इसका सीधा असर किसानों पर पड़ा है।गन्ने की कीमत लगातार घट रही है, जबकि खाद, मजदूरी और खेती की लागत बढ़ती जा रही है। कई किसानों का कहना है कि पूरे साल मेहनत करने के बावजूद उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है।

वियतनाम शुगर एसोसिएशन के अध्यक्ष गुयेन वान लोक ने कहा कि, तस्करी की चीनी ने घरेलू बाजार को लगभग पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। चीनी की कीमत घटकर 15,000–16,000 डोंग प्रति किलोग्राम रह गई है, फिर भी बिक्री नहीं हो रही। इसका असर गन्ने की खरीद कीमत पर पड़ा है, जो घटकर 1,000–1,200 डोंग प्रति किलोग्राम रह गई है।डाक लक प्रांत के नेताओं ने केंद्र सरकार से गन्ना उद्योग के लिए विशेष सहायता पैकेज, तस्करी पर सख्त कार्रवाई और घरेलू चीनी उद्योग की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि हजारों किसानों और चीनी मिलों को राहत मिल सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here