धान की भूसी और गन्ने के अवशेष से बनेगा पर्यावरण अनुकूल कंक्रीट, भारतीय वैज्ञानिकों के शोध में बड़ा दावा

नई दिल्ली: भारतीय वैज्ञानिकों के एक नए अध्ययन में दावा किया गया है कि, धान की भूसी (राइस हस्क) और गन्ने के अवशेष (शुगरकेन बैगास) को थर्मो-केमिकल प्रक्रिया से तैयार कर सीमेंट के आंशिक विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे न केवल ग्रीन कंक्रीट तैयार होगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में कमी, कृषि अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन और संसाधनों के पुनः उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। शोधकर्ताओं के अनुसार, सीमेंट का 10 प्रतिशत हिस्सा यदि राइस हस्क ऐश और गन्ने के अवशेष की राख से बदला जाए, तो तैयार कंक्रीट की संपीड़न क्षमता (कम्प्रेसिव स्ट्रेंथ) पारंपरिक कंक्रीट की तुलना में क्रमशः 12.6 प्रतिशत और 8.2 प्रतिशत तक बढ़ जाती है।

‘द ट्रिब्यून’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, वैज्ञानिकों का कहना है कि, कंक्रीट की मजबूती में यह सुधार इसकी सूक्ष्म संरचना (माइक्रोस्ट्रक्चर) के सघन होने तथा रासायनिक प्रतिक्रिया और बंधन क्षमता में वृद्धि के कारण संभव हुआ है। इससे यह साबित होता है कि धान की भूसी और गन्ने के अवशेष सीमेंट के प्रभावी आंशिक विकल्प बन सकते हैं और टिकाऊ निर्माण को बढ़ावा दे सकते हैं। यह अध्ययन सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (नई दिल्ली), सिंबायोसिस इंटरनेशनल (पुणे), के.आर. मंगलम विश्वविद्यालय (गुरुग्राम), जामिया मिल्लिया इस्लामिया (नई दिल्ली), अल-फलाह विश्वविद्यालय (फरीदाबाद) और किंग फैसल विश्वविद्यालय (सऊदी अरब) के आठ वैज्ञानिकों द्वारा किया गया। यह शोध 25 जून को प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पत्रिका ‘साइंटिफिक रिपोर्ट्स’ में प्रकाशित हुआ है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

शोधकर्ताओं ने बताया कि, भारत जैसे कृषि प्रधान देशों में हर वर्ष 10 करोड़ मीट्रिक टन से अधिक बायोमास अपशिष्ट उत्पन्न होता है। इनमें धान की भूसी और गन्ने का बैगास सबसे प्रमुख कृषि अवशेष हैं, जिनका उचित उपयोग नहीं होने से पर्यावरण और अपशिष्ट प्रबंधन की समस्या बढ़ती है। अध्ययन में कहा गया है कि, बायोमास गैसीफिकेशन कृषि अवशेषों के प्रबंधन का एक प्रभावी और टिकाऊ तरीका है। इस प्रक्रिया में सीमित ऑक्सीजन की उपस्थिति में बायोमास से सिंगैस (Syngas) तैयार होती है, जिसका उपयोग बिजली उत्पादन और ऊर्जा के अन्य स्रोतों में किया जा सकता है। इससे प्रदूषण कम होता है और कृषि अपशिष्ट से उपयोगी ऊर्जा भी प्राप्त होती है।

शोध के अनुसार, वर्ष 2023 से 2028 के बीच वैश्विक बायोमास गैसीफिकेशन बाजार में लगभग 21.5 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि होने का अनुमान है। भारत के नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों को देखते हुए इस क्षेत्र में तेजी से संभावनाएं बढ़ रही हैं।वैज्ञानिकों का मानना है कि, कृषि अवशेषों से प्राप्त राख का उपयोग ग्रीन कंक्रीट बनाने में बड़े पैमाने पर किया जा सकता है, जिससे निर्माण क्षेत्र अधिक पर्यावरण अनुकूल बनेगा और कृषि अपशिष्ट का प्रभावी उपयोग भी सुनिश्चित होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here