महाराष्ट्र : पूर्व चीनी आयुक्त शेखर गायकवाड़ बने मालेगांव सहकारी चीनी मिल के मार्गदर्शक, निदेशक मंडल का रणनीतिक फैसला

पुणे : मालेगांव सहकारी चीनी मिल के कामकाज में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से महाराष्ट्र के पूर्व चीनी आयुक्त शेखर गायकवाड़ को मिल का मार्गदर्शक (सलाहकार) नियुक्त किया गया है। यह रणनीतिक निर्णय रविवार (28 जून) को उपमुख्यमंत्री एवं मिल की अध्यक्ष सुनेत्रा पवार की अध्यक्षता में आयोजित निदेशक मंडल की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में उपाध्यक्ष संगीता कोकरे, वरिष्ठ निदेशक बालासाहेब तावरे, तानाजी कोकरे, योगेश जगताप सहित निदेशक मंडल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

सुनेत्रा पवार ने कहा कि, शेखर गायकवाड़ के मार्गदर्शन से मिल की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी बनेगी तथा सदस्य किसानों को अधिकतम आर्थिक लाभ दिलाने में मदद मिलेगी। इसी दौरान मिल प्रबंधन ने गन्ना खेती को प्रोत्साहन देने और कृषि से जुड़े पूरक कार्यों को मजबूत करने के लिए सदस्य किसानों के खातों में प्रति टन 200 रुपये का “कांडे पेमेंट” जमा कराया है। इस निर्णय से सदस्य किसानों में संतोष का माहौल है। कई किसानों ने मिल की अध्यक्ष सुनेत्रा पवार, उपाध्यक्ष संगीता कोकरे और निदेशक मंडल के सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया तथा किसान हित में लिए गए निर्णयों का स्वागत किया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

शेखर गायकवाड़ के बारे में…

शेखर गायकवाड़ महाराष्ट्र शासन के सेवानिवृत्त आईएएस (IAS) अधिकारी हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक जीवन में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है और विशेष रूप से चीनी उद्योग, सहकारिता तथा स्थानीय स्वशासन के क्षेत्र में उनके योगदान को व्यापक रूप से सराहा जाता है। वे महाराष्ट्र सरकार में चीनी आयुक्त के पद पर कार्य कर चुके हैं।इसके अलावा उन्होंने पुणे महानगरपालिका के आयुक्त के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। लगभग 36 वर्षों की प्रशासनिक सेवा के बाद वर्ष 2023 में वे सेवानिवृत्त हुए।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने चीनी उद्योग में पारदर्शिता, किसान हित और योजनाबद्ध प्रशासन को प्राथमिकता दी। उन्होंने गन्ना उत्पादक किसानों, चीनी मिलों और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए। इसके साथ ही इथेनॉल उत्पादन, चीनी उद्योग के आधुनिकीकरण और गन्ना आधारित अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण और अध्ययनपरक विचार प्रस्तुत किए हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here