चावल निर्यात को बढ़ावा देने के लिए तेलंगाना बनाएगा नई निर्यात नीति, वैश्विक बाजारों पर रहेगा फोकस

हैदराबाद: देश के शीर्ष तीन चावल उत्पादक राज्यों में शामिल तेलंगाना अब चावल निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष चावल निर्यात नीति तैयार कर रहा है। राज्य सरकार का उद्देश्य चावल मिलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराना तथा निर्यात में वृद्धि करना है। तेलंगाना के नागरिक आपूर्ति मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने सोमवार ‘अनलॉकिंग मार्केट पोटेंशियल: एडवांसिंग फोर्टिफाइड राइस इन तेलंगाना एंड आंध्र प्रदेश’ सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि, राज्य में हर वर्ष लगभग तीन करोड़ टन चावल का उत्पादन होता है।

उन्होंने कहा, राज्य में केवल 36 लाख टन चावल की खपत होती है, जबकि शेष उत्पादन अधिशेष रहता है। कुल उत्पादन का लगभग दसवां हिस्सा ही राज्य में उपभोग होता है। मंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा तैयार की जा रही नई चावल निर्यात नीति का उद्देश्य निर्यात प्रक्रिया को आसान बनाना और चावल मिल उद्योग को घरेलू तथा वैश्विक बाजारों में प्रतिस्पर्धी बनाना है। उन्होंने कहा कि इस नीति का मसौदा तैयार किया जा रहा है और जल्द ही इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा कि, तेलंगाना ने पहले ही फिलीपींस जैसे देशों को चावल का निर्यात शुरू कर दिया है और सरकार आगे भी चावल मिल उद्योग को निर्यात बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग देती रहेगी। यह सम्मेलन मिलर्स फॉर न्यूट्रिशन और केसीपी न्यूट्रिशियस प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। सम्मेलन में सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी दूर करने और लोगों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने में फोर्टिफाइड (पोषण संवर्धित) चावल की बढ़ती भूमिका पर विशेष चर्चा हुई।

टेक्नोसर्व में वरिष्ठ प्रैक्टिस लीडर और मिलर्स फॉर न्यूट्रिशन एशिया के कार्यक्रम प्रमुख मोनोजीत इंद्रा ने कहा कि खाद्य पदार्थों का फोर्टिफिकेशन लोगों के पोषण स्तर में सुधार का एक व्यावहारिक और प्रभावी माध्यम है, क्योंकि यह उन खाद्य पदार्थों पर आधारित है जिनका लोग प्रतिदिन सेवन करते हैं।उन्होंने कहा कि मिलर्स फॉर न्यूट्रिशन उद्योग के साथ मिलकर फोर्टिफिकेशन की गुणवत्ता में सुधार, उत्पाद मानकों को मजबूत करने और पोषण संवर्धित खाद्यान्नों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here