बीजिंग : चीन में घरेलू चीनी उत्पादन में लगातार हो रही वृद्धि और खपत की धीमी रफ्तार के कारण 2026-27 सीजन में चीनी आयात पिछले 10 वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंचने की संभावना है। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, चीन का चीनी आयात घटकर 36 लाख टन रह सकता है। जबकि 2025-26 सीजन में यह लगभग 42 लाख टन रहने का अनुमान है। रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।
चीन पिछले कई वर्षों से दुनिया का सबसे बड़ा चीनी आयातक रहा है। वह ब्राजील और थाईलैंड जैसे प्रमुख चीनी निर्यातक देशों से बड़ी मात्रा में चीनी खरीदता रहा है। हालांकि, घरेलू उत्पादन में बढ़ोतरी और खपत की धीमी वृद्धि के चलते अब चीन की विदेशी चीनी पर निर्भरता कम होती जा रही है। चीन में बढ़ते उत्पादन का असर अंतरराष्ट्रीय चीनी बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। घरेलू आपूर्ति बढ़ने से वैश्विक बाजार में चीनी की कीमतों पर दबाव बना है। हालांकि, हाल के दिनों में अल नीनो मौसम प्रणाली के कारण यूरोप, भारत और ब्राजील जैसे प्रमुख चीनी उत्पादक क्षेत्रों में उत्पादन प्रभावित होने की आशंका से बाजार का रुख बदल रहा है।
घरेलू उत्पादन में 20 प्रतिशत से अधिक वृद्धि
USDA के मुताबिक, चीन का चीनी उत्पादन 2020-21 सीजन के बाद से 20 प्रतिशत से अधिक बढ़ चुका है। 2025-26 सीजन में देश का कुल चीनी उत्पादन बढ़कर 1.29 करोड़ टन तक पहुंचने का अनुमान है। गुआंग्शी और युन्नान प्रांतों में गन्ने के उत्पादन में हुई वृद्धि का इसमें महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इन दोनों क्षेत्रों ने चीन के कुल चीनी उत्पादन में हुई वृद्धि का लगभग 75 प्रतिशत हिस्सा दिया है। USDA का अनुमान है कि, चीन का अंतिम चीनी स्टॉक 2025-26 सीजन में लगभग दोगुना होकर 32 लाख टन हो सकता है। वहीं, 2026-27 सीजन में इसके बढ़कर 45 लाख टन तक पहुंचने की संभावना है।
चीनी की खपत में वृद्धि की रफ्तार धीमी
एक ओर चीन में चीनी उत्पादन तेजी से बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर घरेलू खपत में वृद्धि की रफ्तार धीमी पड़ रही है। USDA के अनुसार, उपभोक्ताओं की बदलती पसंद और चीनी के प्रति बदलते नजरिए का इस प्रवृत्ति पर असर पड़ रहा है। एजेंसी ने कहा कि चीन में पारंपरिक रूप से मीठे पदार्थों की पसंद वैश्विक औसत की तुलना में कम रही है। लेकिन अब चीनी के प्रति उपभोक्ताओं के बदलते दृष्टिकोण के कारण खपत में वृद्धि की गति और धीमी हो रही है।
वैश्विक चीनी उत्पादन में 5 प्रतिशत गिरावट का अनुमान
USDA ने 2026-27 सीजन के लिए वैश्विक चीनी उत्पादन 17.81 करोड़ टन रहने का अनुमान जताया है। यह पिछले स्तर की तुलना में करीब 5 प्रतिशत कम है। भारत, यूरोपीय संघ, फिलीपींस और ऑस्ट्रेलिया में चीनी उत्पादन घटने की संभावना है। चीन और रूस में उत्पादन बढ़ने के बावजूद इन देशों में होने वाली गिरावट की भरपाई होना मुश्किल माना जा रहा है।
वहीं, वैश्विक चीनी खपत लगभग स्थिर रहकर 17.64 करोड़ टन रहने का अनुमान है। दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय चीनी निर्यात में 5 प्रतिशत की गिरावट आने की संभावना है और यह घटकर 6.15 करोड़ टन रह सकता है। कुल मिलाकर, वैश्विक स्तर पर चीनी उत्पादन और निर्यात के लिए उपलब्ध आपूर्ति में कमी आने का अनुमान है। वहीं, चीन की आयात मांग में गिरावट से अंतरराष्ट्रीय चीनी व्यापार का समीकरण बदल सकता है। इसका असर प्रमुख चीनी निर्यातक देशों और वैश्विक बाजार की कीमतों पर पड़ने की संभावना है।


















