नई दिल्ली : भारत अगले एक महीने के दौरान गैर-बासमती चावल के निर्यात पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की संभावना नहीं रखता है। इससे सरकारी हस्तक्षेप की आशंकाओं के बीच निर्यातकों को निकट भविष्य में राहत मिल सकती है। यह जानकारी इंडियन राइस एक्सपोर्टर्स फेडरेशन (IREF) ने दी है। IREF के अनुसार, अगले कुछ दिनों में निर्यात प्रतिबंध लागू किए जाने की संभावना से जुड़ी खबरें फिलहाल समय से पहले की अटकलें लगती हैं। फेडरेशन ने कहा कि, अभी तक ऐसी कोई संकेत नहीं मिला है, जिससे चावल की खेपों पर तत्काल रोक लगाने की संभावना दिखाई देती हो।
IREF ने स्पष्ट किया कि, निर्यातक मौजूदा नीतिगत व्यवस्था के तहत अपना कारोबार जारी रख सकते हैं। हालांकि, फेडरेशन ने आगाह किया कि यदि घरेलू चावल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी होती है, तो निर्यात शुल्क या अन्य प्रतिबंध लगाए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फेडरेशन के मुताबिक, पिछले एक महीने के दौरान घरेलू गैर-बासमती चावल की कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
IREF को बाजार से मिली जानकारी के अनुसार, IR-64 किस्म के 25 प्रतिशत टूटे हुए सफेद चावल की कीमत बढ़कर लगभग 33 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि एक महीने पहले यह 28.25 रुपये प्रति किलोग्राम थी। इस तरह कीमतों में करीब 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। कीमतों में इस बढ़ोतरी के बाद गैर-बासमती चावल का निर्यात सरकार की अधिक निगरानी के दायरे में आ गया है। सरकार घरेलू खाद्य कीमतों की स्थिरता और बाजार में चावल की उपलब्धता पर लगातार नजर रख रही है।
भारत के पास चावल का पर्याप्त भंडार होने से घरेलू आपूर्ति को सहारा मिलता है। वहीं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के माध्यम से पात्र परिवारों को उनके निर्धारित अधिकारों के तहत रियायती दरों पर या मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है। इससे लाभार्थियों को खुले बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव से सुरक्षा मिलती है।
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत मांग का असर घरेलू बाजार की स्थितियों पर भी पड़ रहा है। IREF ने कहा कि यदि घरेलू कीमतों में आगे भी उल्लेखनीय वृद्धि होती है, तो मंत्रियों की समिति इस मामले की समीक्षा कर सकती है। इसके बाद निर्यात शुल्क या अन्य उपयुक्त नीतिगत कदमों पर विचार किया जा सकता है। मौजूदा अनिश्चितता को देखते हुए फेडरेशन ने निर्यातकों को उचित अनुबंध और भंडार संबंधी सुरक्षा उपायों के साथ कारोबार जारी रखने की सलाह दी है।
IREF ने निर्यातकों से कहा है कि वे नए निर्यात अनुबंधों में स्पष्ट रूप से यह शर्त शामिल करें कि किसी खेप पर लागू होने वाला कोई भी नया भारतीय निर्यात शुल्क या मौजूदा शुल्क में की गई बढ़ोतरी का भुगतान खरीदार करेगा। निर्यातकों को ऐसी शर्तों पर खरीदारों की लिखित सहमति लेने तथा कीमतों में संशोधन और भुगतान के लिए स्पष्ट व्यवस्था तय करने की भी सलाह दी गई है।
फेडरेशन ने निर्यातकों को संभावित सरकारी प्रतिबंधों या निर्यात नीति में बदलाव से निपटने के लिए अनुबंधों में ‘कानून में बदलाव’ (Change-in-Law) और ‘अप्रत्याशित परिस्थितियों’ (Force Majeure) से संबंधित प्रावधानों की समीक्षा करने की भी सिफारिश की है। अनुबंधों में उन परिस्थितियों को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया जाना चाहिए, जिनमें चावल की खेपों की आपूर्ति रोकी जा सकती है, अनुबंध पर दोबारा बातचीत की जा सकती है या उसे रद्द किया जा सकता है।
फेडरेशन ने अत्यधिक भंडार जमा करने और बिना पर्याप्त सुरक्षा के कारोबारी प्रतिबद्धताएं लेने को लेकर भी आगाह किया है। निर्यातकों को सलाह दी गई है कि, वे अपने स्टॉक को केवल पक्के ऑर्डर और व्यावहारिक शिपमेंट कार्यक्रम के अनुरूप रखें। पर्याप्त नीतिगत सुरक्षा उपायों के बिना लंबी अवधि के निश्चित कीमत वाले अनुबंध करने से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
IREF ने कहा कि, निर्यातकों को मौजूदा नीतिगत व्यवस्था के तहत कारोबार जारी रखना चाहिए, साथ ही सरकारी अधिसूचनाओं पर नजर रखनी चाहिए और विदेशी खरीदारों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखना चाहिए। फेडरेशन ने यह भी स्पष्ट किया कि, उसका आकलन फिलहाल उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। इसे भविष्य की निर्यात नीति के संबंध में सरकार की आधिकारिक गारंटी या आश्वासन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

















