नई दिल्ली : देश में मानसून की कमजोर शुरुआत के कारण वित्त वर्ष 2026-27 में खाद्य महंगाई बढ़ने की आशंका जताई गई है। केयरएज रेटिंग्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में खाद्य मुद्रास्फीति (फूड इंफ्लेशन) औसतन 6 प्रतिशत और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित महंगाई लगभग 5 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
1 जून से 29 जून 2026 तक 41.5 प्रतिशत कम दर्ज की गई बारिश….
रिपोर्ट के मुताबिक, 1 जून से 29 जून 2026 के बीच देश में मानसून की बारिश दीर्घकालिक औसत (एलपीए) की तुलना में 41.5 प्रतिशत कम दर्ज की गई। मानसून की यह कमी कृषि उत्पादन और खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर प्रतिकूल असर डाल सकती है। वहीं, मई 2026 में खाद्य तेलों की महंगाई पहले ही 9.5 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच चुकी थी।रिपोर्ट में कहा गया है कि, यदि मानसून सामान्य से कमजोर रहता है तो इसका सीधा असर फसल उत्पादन पर पड़ेगा, जिससे खाद्य वस्तुओं की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
सेवा निर्यात से मिलेगा सहारा…
रिपोर्ट के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में गैर-तेल व्यापार घाटा बढ़ा है, हालांकि तेल व्यापार घाटा पिछले वर्ष के स्तर के आसपास बना हुआ है। इसके बावजूद सेवा क्षेत्र के निर्यात में लगातार बेहतर प्रदर्शन से व्यापार अधिशेष बढ़ा है, जिससे व्यापार घाटे के असर को काफी हद तक संतुलित करने में मदद मिलेगी।
एफडीआई और विदेशी मुद्रा प्रवाह में बढ़ोतरी…
रिपोर्ट में बताया गया है कि, अप्रैल 2026 में सकल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) में पिछले वर्ष की तुलना में 66 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, शुद्ध एफडीआई बढ़कर 6.6 अरब डॉलर पहुंच गया, जबकि अप्रैल 2025 में यह 1.6 अरब डॉलर था।इसके अलावा, अप्रैल 2026 में विदेशों से आने वाले धन प्रेषण (रेमिटेंस) में भी 70 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद इसमें मजबूती बनी रही।
रुपये और बॉन्ड बाजार को मिल सकता है समर्थन…
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बाद वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव कम होने से भारतीय बॉन्ड बाजार में स्थिरता आई है। केयरएज रेटिंग्स का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026-27 में सरकारी बॉन्ड प्रतिफल (जी-सेक यील्ड) 6.8 से 6.9 प्रतिशत के बीच रह सकता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों से विदेशी निवेश आकर्षित होगा, जिससे रुपये पर दबाव कम रहेगा। यदि कच्चे तेल की औसत कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल रहती है, तो वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान रुपया 92 से 93 प्रति अमेरिकी डॉलर के दायरे में रह सकता है।















