मोतिहारी : पूर्वी चंपारण स्थित हनुमान शुगर मिल की भूमि से जुड़े विवाद को लेकर एक बार फिर मामला सुर्खियों में है। समाजसेवी मनोहर मानव ने घोषणा की है कि, वह इस प्रकरण में पटना हाईकोर्ट में नई जनहित याचिका (PIL) दायर करेंगे। उनका कहना है कि, यह मामला केवल भूमि विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों मजदूरों, गन्ना किसानों और सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण से जुड़ा जनहित का विषय है।
मनोहर मानव ने बताया कि, वर्ष 2002 में हनुमान शुगर मिल बंद होने के बाद सैकड़ों मजदूरों और किसानों का वेतन तथा गन्ना भुगतान बकाया रह गया था। इसी मुद्दे को लेकर 10 अप्रैल 2017 को मजदूर नेता नरेश श्रीवास्तव और सूरज बैठा ने मिल परिसर के मुख्य द्वार पर आत्मदाह किया था। उपचार के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि, यह घटना पूर्वी चंपारण के इतिहास की सबसे दुखद घटनाओं में से एक है और आज भी इससे जुड़े कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं।
उन्होंने कहा, इस घटना के बाद उन्होंने दिवंगत समाजसेवी स्वामी अग्निवेश के साथ मिलकर मजदूरों और किसानों को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन चलाया। इसके तहत धरना-प्रदर्शन, जनसुनवाई, प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता और न्यायालय में कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई। उन्होंने बताया कि, इसी क्रम में वर्ष 2018 में पटना हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई थी, जिसमें कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच, मजदूरों और किसानों के बकाया भुगतान तथा पूरे मामले की स्वतंत्र जांच जैसी मांगें शामिल हैं।
मनोहर मानव ने आरोप लगाया कि, भूमि से जुड़े एक अन्य मामले में न्यायालय के समक्ष लंबित जनहित याचिका और उससे संबंधित सभी तथ्यों की जानकारी प्रस्तुत नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि ऐसा हुआ है, तो इसकी न्यायिक समीक्षा आवश्यक है। इसी आधार पर वे नई जनहित याचिका दायर कर न्यायालय से पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध करेंगे।
उन्होंने बिहार सरकार और पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन से हनुमान शुगर मिल की भूमि से जुड़े सभी राजस्व अभिलेखों, दाखिल-खारिज, जमाबंदी, रजिस्ट्री, म्यूटेशन और अन्य रिकॉर्ड की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की भूमिका कानून के विपरीत पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
मनोहर मानव ने कहा कि हनुमान शुगर मिल की भूमि केवल एक संपत्ति नहीं, बल्कि हजारों मजदूर परिवारों और गन्ना किसानों के संघर्ष, अधिकारों और बलिदान की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में न्याय, पारदर्शिता और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका कानूनी संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।


















