मुरैना : कैलारस सहकारी चीनी मिल को बंद करने और उसकी संपत्तियों के हस्तांतरण के विरोध में किसानों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मिल परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। ‘शक्कर कारखाना बचाओ संघर्ष समिति’ के बैनर तले आयोजित इस आंदोलन में सरकार के फैसले को किसान विरोधी बताते हुए उसे तत्काल वापस लेने की मांग की गई। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम तीन सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।
धरना सभा को संबोधित करते हुए जौरा विधायक पंकज उपाध्याय ने राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री द्वारा चीनी मिल दोबारा शुरू करने की घोषणा के बावजूद सहकारिता विभाग ने इसे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग को सौंप दिया। उन्होंने कहा कि, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना भी कई बार मिल शुरू करने का आश्वासन दे चुके हैं। इन घोषणाओं पर भरोसा कर किसानों ने गन्ने की खेती शुरू की, लेकिन 29 जून को मिल को स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय ले लिया गया।
विधायक ने कहा कि, चीनी मिल को किसी भी कीमत पर बिकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो आंदोलन को जिला स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। साथ ही सरकार के मंत्रियों, सांसदों और मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र के दौरान भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
धरना सभा में पूर्व विधायक महेशदत्त मिश्रा, किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधियों और किसान नेताओं ने भी सरकार के निर्णय का विरोध किया।वक्ताओं ने कहा कि, कारखाने का पंजीयन रद्द कर उसकी भूमि दूसरे विभाग को सौंपना किसानों और कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है। धरना समाप्त होने के बाद संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम तहसीलदार को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चीनी मिल को एमएसएमई विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया निरस्त करने, मिल की फार्म हाउस भूमि वापस प्रबंधन को सौंपने तथा गन्ना किसानों और कर्मचारियों के बकाया भुगतान के साथ घोषित गन्ना अनुदान योजना को लागू करने की मांग की गई। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।


















