सुवा : फिजी सरकार ने देश के चीनी उद्योग को मजबूती देने और गन्ने की कटाई में तेजी लाने के उद्देश्य से गन्ना कटाई करने वाले श्रमिकों को दिए जाने वाले अनुदान में बढ़ोतरी की है। अब उन्हें 3 डॉलर के बजाय 5 डॉलर प्रति टन का भुगतान किया जाएगा। यह निर्णय संसद की चीनी उद्योग संबंधी विशेष समिति की बैठक के बाद लिया गया। बैठक में गन्ना किसानों को तत्काल राहत देने और चीनी उद्योग को दीर्घकालिक रूप से मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा की गई।
समिति ने बताया कि, नेशनल फार्मर्स यूनियन के महासचिव महेंद्र चौधरी ने स्पष्ट किया है कि देश के गन्ना किसान हड़ताल पर नहीं हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री सित्वेनी राबुका को लिखे पत्र में कहा कि पश्चिमी और उत्तरी क्षेत्रों में गन्ने की पेराई का कार्य सामान्य रूप से जारी है। समिति का कहना है कि, किसानों का विश्वास बहाल करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए किसानों को उपलब्ध सरकारी सहायता योजनाओं की स्पष्ट और प्रभावी जानकारी देना भी जरूरी है।
सरकार का मानना है कि, मैनुअल गन्ना कटाई करने वाले श्रमिकों का योगदान लंबे समय से पर्याप्त रूप से नहीं आंका गया था। इसी को ध्यान में रखते हुए उनके भुगतान में वृद्धि की गई है, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक गन्ना कटाई के कार्य से जुड़ सकें। बैठक में यह चिंता भी व्यक्त की गई कि कुछ किसान अपनी फसल की कटाई कराने से इसलिए डर रहे हैं क्योंकि उन्हें खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाए जाने या अन्य प्रकार की प्रताड़ना की आशंका है। इस पर पुलिस मंत्रालय से चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि फिजी पुलिस गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाएगी, ताकि किसानों को सुरक्षा का भरोसा मिल सके और उनकी फसल सुरक्षित रहे।
समिति के सदस्य 8 और 9 जुलाई को पश्चिमी क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस दौरान वे किसानों, फिजी शुगर कॉर्पोरेशन और अन्य संबंधित पक्षों से मुलाकात कर उद्योग की मौजूदा चुनौतियों पर चर्चा करेंगे तथा चीनी उद्योग को दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ बनाने के लिए सुझाव एकत्र करेंगे। समिति ने कहा कि, भविष्य में भी चीनी उद्योग के विकास, आधुनिकीकरण और विविधीकरण से जुड़े मुद्दों पर लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी।


















