महाराष्ट्र में बारिश की कमी से बुवाई आधी से कम, गन्ने की खेती भी बुरी तरह प्रभावित

मुंबई : महाराष्ट्र में मानसून की कमजोर शुरुआत का असर खरीफ फसलों की बुवाई पर साफ दिखाई दे रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अब तक केवल आधे क्षेत्र में ही बुवाई हो सकी है। वहीं, पर्याप्त बारिश नहीं होने से गन्ने की खेती भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है और अब तक सामान्य क्षेत्रफल के मुकाबले केवल 4 प्रतिशत गन्ने की रोपाई ही हो पाई है।

कृषि विभाग के अनुसार, 4 जुलाई तक राज्य में 44.39 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की बुवाई हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक 1.05 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई पूरी हो चुकी थी। राज्य में खरीफ सीजन का औसत बुवाई क्षेत्र लगभग 1.44 करोड़ हेक्टेयर है, जबकि गन्ने का रकबा सामान्यतः 10 से 13 लाख हेक्टेयर के बीच रहता है। पश्चिमी महाराष्ट्र गन्ना उत्पादन का प्रमुख क्षेत्र माना जाता है, लेकिन इस वर्ष जून महीने में पर्याप्त वर्षा नहीं होने से गन्ने की रोपाई पर गंभीर असर पड़ा है। जून के अंत तक केवल 51,836 हेक्टेयर क्षेत्र में ही गन्ने की खेती हो सकी, जो सामान्य स्तर की तुलना में बेहद कम है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य में खरीफ बुवाई की शुरुआत सामान्यतः जून के दूसरे सप्ताह से होती है। कई इलाकों में शुरुआती नमी के आधार पर बुवाई की जाती है, लेकिन इस बार बारिश की कमी के कारण ऐसी बुवाई भी बहुत कम हुई। जून के अंत तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में पर्याप्त वर्षा नहीं होने से 10 प्रतिशत बुवाई भी पूरी नहीं हो सकी थी।

हालांकि, जुलाई की शुरुआत से तटीय क्षेत्रों और सह्याद्रि पर्वतीय इलाकों में बारिश बढ़ने के बाद बुवाई की रफ्तार तेज हुई है। 4 जुलाई तक राज्य में औसत बुवाई का लगभग 28 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। कृषि विभाग का अनुमान है कि जिन क्षेत्रों में पर्याप्त वर्षा हो चुकी है, वहां खेतों में नमी बनने के बाद जुलाई के अंत तक बुवाई में तेजी आएगी और स्थिति में सुधार होने की संभावना है।

कृषि विभाग के विकास एवं विस्तार निदेशक रफीक नायकवाड़ी ने बताया कि, पिछले चार-पांच दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है। जहां बुवाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं, वहां किसानों द्वारा तेजी से खेती का कार्य शुरू किया जा रहा है। विभाग को उम्मीद है कि जुलाई के अंत तक बुवाई का रकबा सामान्य स्तर के करीब पहुंच सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here