नई दिल्ली : वर्ष 2021 में तैयार की गई नीति आयोग की एथेनॉल मिश्रण रोडमैप रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि, भारतीय ऑटोमोबाइल निर्माता संघ (SIAM) ने सरकार से E20 पेट्रोल लागू होने के बाद भी E10 पेट्रोल की उपलब्धता बनाए रखने का आग्रह किया था। ‘इंडिया टुडे’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, संगठन का कहना था कि, पुराने वाहनों के लिए केवल E20 पेट्रोल उपलब्ध होने पर अनुकूलता, सुरक्षा, ईंधन दक्षता और वाहन के प्रदर्शन से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। यह सिफारिशें ‘भारत में एथेनॉल मिश्रण रोडमैप 2020-25’ तैयार करने के दौरान विभिन्न हितधारकों से हुई चर्चा के आधार पर दी गई थीं। हाल ही में E20 पेट्रोल को लेकर उठे विवाद और इंजन को नुकसान पहुंचाने के दावों को सरकार द्वारा खारिज किए जाने के बाद यह रिपोर्ट फिर चर्चा में आ गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, SIAM ने E10 पेट्रोल को “प्रोटेक्शन ग्रेड फ्यूल” के रूप में E20 के साथ समानांतर उपलब्ध रखने की सिफारिश की थी।संगठन का तर्क था कि, इससे पहले से सड़कों पर चल रहे करोड़ों वाहनों के मालिकों को उनके वाहन के अनुरूप ईंधन मिलता रहेगा और उपभोक्ताओं का भरोसा भी बना रहेगा। SIAM ने यह भी कहा कि, जिन देशों ने अधिक एथेनॉल मिश्रित ईंधन अपनाया है, वहां संक्रमण काल के दौरान कम एथेनॉल वाले ईंधन की आपूर्ति भी जारी रखी गई थी।
खबर के अनुसार, ऑटो उद्योग संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि, पुराने वाहनों को अधिक एथेनॉल मिश्रित ईंधन के अनुरूप संशोधित करना बेहद कठिन और महंगा कार्य होगा। देश में विभिन्न मॉडल और अलग-अलग ईंधन प्रणालियों वाले लाखों वाहन चल रहे हैं, ऐसे में सभी में आवश्यक बदलाव कराना व्यावहारिक नहीं है। रिपोर्ट में SIAM ने चेतावनी दी थी कि, यदि E10 पेट्रोल पूरी तरह बंद कर दिया गया और केवल E20 उपलब्ध रहा, तो बड़ी संख्या में पुराने वाहन ऐसे ईंधन पर चलने को मजबूर होंगे जिसके लिए उन्हें डिजाइन नहीं किया गया है। इससे वाहन के पुर्जों में खराबी, ईंधन रिसाव, सुरक्षा संबंधी जोखिम, माइलेज में कमी और वाहन की ड्राइविंग क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। विशेष रूप से कम क्षमता वाले दोपहिया वाहनों पर इसका असर अधिक होने की आशंका जताई गई थी।
SIAM ने यह भी कहा कि, E20 पेट्रोल के उपयोग से एथेनॉल की कम ऊष्मा क्षमता के कारण ईंधन दक्षता में लगभग 6 प्रतिशत तक कमी आ सकती है। हालांकि, भविष्य में बनने वाले वाहनों में इंजन और तकनीकी सुधार कर इस प्रभाव को कम किया जा सकता है, लेकिन मौजूदा वाहनों के लिए E10 की उपलब्धता बेहद आवश्यक है।संगठन ने E12 और E15 जैसे मध्यवर्ती एथेनॉल मिश्रणों को लागू करने पर भी आपत्ति जताई थी। उसका कहना था कि, उस समय बाजार में उपलब्ध अधिकांश वाहन केवल E10 तक के ईंधन के अनुरूप बनाए गए थे और कम समय में कई तरह के ईंधन बदलाव उपभोक्ताओं के लिए नई चुनौतियां पैदा कर सकते हैं।
खबर के अनुसार, यह सिफारिशें नीति आयोग की उस विशेषज्ञ समिति के समक्ष रखी गई थीं, जिसमें पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) और अन्य संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल थे। रिपोर्ट में एआरएआई, इंडियन ऑयल और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (IIP) के संयुक्त अध्ययन का भी उल्लेख किया गया है। अध्ययन में पाया गया कि, E20 पेट्रोल के उपयोग से ईंधन दक्षता में लगभग 6 प्रतिशत तक कमी आ सकती है, लेकिन परीक्षण के दौरान इंजन में कोई गंभीर खराबी, असामान्य घिसावट, इंजन ऑयल की गुणवत्ता में गिरावट या इंजन बंद होने जैसी समस्याएं सामने नहीं आईं।
हाल ही में केंद्र सरकार ने भी स्पष्ट किया है कि E20 पेट्रोल को व्यापक परीक्षण के बाद ही लागू किया गया है और इसके कारण बड़े पैमाने पर इंजन खराब होने का कोई प्रमाण उपलब्ध नहीं है। हालांकि, 2021 की नीति आयोग की रिपोर्ट यह भी दर्शाती है कि, संक्रमण काल के दौरान मौजूदा वाहन उपयोगकर्ताओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑटोमोबाइल उद्योग ने E10 पेट्रोल को समानांतर रूप से उपलब्ध बनाए रखने की सिफारिश की थी।

















