किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! वीर बांध 100 फीसदी भरा, गन्ने की खेती को मिलेगा बड़ा सहारा

पुणे (महाराष्ट्र): जून महीने में बारिश की लंबी प्रतीक्षा के बाद अब नीरा नदी के पानी पर निर्भर किसानों और उद्योगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पुणे और सातारा जिले की सीमा पर स्थित वीर बांध गुरुवार दोपहर तक पूरी तरह भर गया है। बांध में 9.408 टीएमसी यानी 100 प्रतिशत जल भंडारण हो चुका है, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। वर्तमान में बांध में 224 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि बांध के स्पिलवे से फिलहाल कोई पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। इससे जल भंडारण सुरक्षित बना हुआ है।

विशेषज्ञों का मानना है कि, बांध में पर्याप्त पानी उपलब्ध होने से गन्ने की नई रोपाई को बड़ा लाभ मिलेगा। सिंचाई की बेहतर व्यवस्था होने से गन्ने की बढ़वार अच्छी होगी और आने वाले समय में गन्ने के रकबे में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश जारी रहती है तो क्षेत्र की कृषि को और मजबूती मिलेगी। बुधवार तक वीर बांध से नीरा नदी में लगभग 6 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, लेकिन गुरुवार सुबह से इस जल प्रवाह को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। हालांकि, नीरा लेफ्ट कैनाल और नीरा राइट कैनाल के माध्यम से सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति लगातार जारी है। इससे बांध पर निर्भर किसानों को बड़ी राहत मिली है।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here