E20 एथेनॉल मिश्रण के लिए गन्ने की जगह मक्का को प्राथमिकता, भारत ने तेज की जैव ईंधन क्रांति

नई दिल्ली : भारत सरकार ने अपने महत्वाकांक्षी एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के तहत अब गन्ने से बनने वाले एथेनॉल के बजाय मक्का आधारित एथेनॉल को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है। इकॉनॉमिक टाइम्स में प्रकाशित खबर के अनुसार, सरकार का यह रणनीतिक कदम देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव लाने वाला माना जा रहा है। इसका असर किसानों, ईंधन उद्योग और देश की अर्थव्यवस्था पर व्यापक रूप से देखने को मिलेगा।

गन्ने से मक्का की ओर बढ़ रहा भारत…

ChiniMandi WhatsApp Channel

अब तक भारत के एथेनॉल उत्पादन का मुख्य आधार गन्ना रहा है, लेकिन इसकी सीमित उपलब्धता और अधिक जल खपत को देखते हुए सरकार ने अब मक्का आधारित एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देना शुरू कर दिया है। E20 ईंधन, जिसमें 20 प्रतिशत एथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है, के विस्तार के साथ यह बदलाव और तेज हो गया है।केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के अनुसार, देश के कुल इथेनॉल उत्पादन में अब करीब 35 प्रतिशत हिस्सेदारी मक्का की हो चुकी है, जो पहले की तुलना में बड़ा बदलाव है।

क्यों लिया गया यह फैसला?

सरकार का मानना है कि, गन्ना एक अत्यधिक जल-खपत वाली फसल है, जिससे भूजल स्तर पर दबाव बढ़ता है। वहीं मक्का अपेक्षाकृत कम पानी में तैयार हो जाता है और इसे देश के विभिन्न कृषि-जलवायु क्षेत्रों में आसानी से उगाया जा सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि, गन्ने पर अत्यधिक निर्भरता से न केवल जल संकट बढ़ सकता है, बल्कि खाद्यान्न फसलों के उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है। ऐसे में मक्का आधारित एथेनॉल अधिक टिकाऊ विकल्प के रूप में उभर रहा है।

ऊर्जा सुरक्षा और किसानों को मिलेगा लाभ…

सरकार का उद्देश्य एथेनॉल उत्पादन के लिए कच्चे माल के स्रोतों में विविधता लाकर कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना है। मक्का आधारित एथेनॉल उत्पादन बढ़ने से किसानों को नई बाजार मांग मिलेगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आधारित उद्योगों के विस्तार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय का कहना है कि मक्का उत्पादन को बढ़ावा देना देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

चुनौतियां भी कम नहीं…

हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इस बदलाव के साथ कई चुनौतियां भी जुड़ी हैं। मक्का की खरीद, भंडारण और प्रसंस्करण के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे की जरूरत होगी। इसके अलावा मक्का का उपयोग खाद्य और पशु आहार के साथ-साथ इथेनॉल उत्पादन में भी होने के कारण भविष्य में ‘फूड बनाम फ्यूल’ (भोजन बनाम ईंधन) जैसी स्थिति पैदा होने की आशंका जताई जा रही है। कृषि अर्थशास्त्रियों का कहना है कि संतुलित नीति अपनाना जरूरी होगा ताकि खाद्य कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी या एक ही फसल पर अत्यधिक निर्भरता जैसी समस्याएं न उत्पन्न हों।

क्या बोले हरदीप सिंह पुरी?

न्यूज़18 को दिए एक साक्षात्कार में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि, एथेनॉल उत्पादन में मक्का की बढ़ती हिस्सेदारी सरकार की नीति की सफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि, यह पहल केवल स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों के लिए नई आर्थिक संभावनाएं भी तैयार कर रही है।

भारत के लिए नई दिशा…

विशेषज्ञों का मानना है कि, यदि इस नीति को प्रभावी ढंग से लागू किया गया तो यह पर्यावरण संरक्षण, किसानों की समृद्धि और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के बीच बेहतर संतुलन स्थापित कर सकती है। E20 कार्यक्रम के विस्तार के साथ भारत दुनिया के उन देशों में शामिल हो रहा है, जो जैव ईंधन के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा और समावेशी विकास का नया मॉडल प्रस्तुत कर रहे हैं। आने वाले वर्षों में यह नीति विकासशील देशों के लिए भी एक महत्वपूर्ण उदाहरण बन सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here