लखनऊ: लखनऊ क्राइम ब्रांच ने पेट्रोल और डीजल की चोरी, मिलावट और अवैध बिक्री करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 16 हजार लीटर से अधिक पेट्रोलियम उत्पाद और सॉल्वेंट बरामद किए हैं। इस विशेष अभियान को “ऑपरेशन एथेनॉल शील्ड” नाम दिया गया है।पुलिस ने ‘टाइम्स ऑफ़ इंडिया’ को बताया कि, यह अभियान उस समय शुरू किया गया, जब एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण वाहनों के खराब होने की शिकायतों की जांच की जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कई मामलों में वाहनों की खराबी की वजह एथेनॉल मिश्रण नहीं, बल्कि ईंधन चोरी, मिलावट और कालाबाजारी जैसी आपराधिक गतिविधियां हो सकती हैं।
इसके बाद क्राइम ब्रांच ने शहरभर में ईंधन चोरी, अवैध भंडारण, मिलावट और कालाबाजारी में शामिल संगठित गिरोहों की पहचान के लिए विशेष अभियान शुरू किया। पुख्ता सूचना के आधार पर अपर पुलिस उपायुक्त (क्राइम) किरण यादव के नेतृत्व में टीम ने रविवार को मलिहाबाद स्थित सन्यासी बाग फ्लाईओवर के पास छापेमारी की। छापे के दौरान पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में एक ईंधन टैंकर और एक अन्य वाहन को रोका। जांच में पता चला कि टैंकर ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के अमौसी टर्मिनल से पेट्रोल और डीजल लोड किया था, जिसे विधान सभा मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप तक पहुंचाया जाना था। लेकिन रास्ते में टैंकर रोककर उसमें से ईंधन निकालकर अवैध रूप से बेचा जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। संयुक्त जांच में ईंधन के अवैध भंडारण और मिलावट की पुष्टि होने के बाद संयुक्त कार्रवाई की गई।छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7,750 लीटर पेट्रोल, 4,000 लीटर डीजल, 23 प्लास्टिक कैनों में लगभग 1,150 लीटर मिलावटी पेट्रोल, 64 कैनों में करीब 3,200 लीटर सॉल्वेंट, प्लास्टिक पाइप, फनल, मास्टर चाबी, डिप रॉड, माप उपकरण और ईंधन निकालने एवं मिलावट में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए।
पुलिस को यह भी पता चला कि टैंकर से करीब 250 लीटर पेट्रोल पहले ही निकाला जा चुका था। इससे स्पष्ट हुआ कि छापेमारी के समय ईंधन चोरी और मिलावट की प्रक्रिया जारी थी। पूछताछ में टैंकर चालक रामतीर्थ, निवासी हरदोई, ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह एचपीसीएल डिपो से ईंधन ले जाते समय रास्ते में पेट्रोल-डीजल निकालकर अनिल कुमार को लगभग 75 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बेचता था।
पुलिस के अनुसार, अनिल कुमार ने भी पूछताछ में स्वीकार किया कि वह टैंकर चालकों की मिलीभगत से पेट्रोल और डीजल खरीदता था। इसके बाद उसमें सॉल्वेंट मिलाकर मिलावटी ईंधन तैयार करता और स्थानीय ग्राहकों को ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाता था। इस काम में उसके साथ अभिषेक राजपूत और धीरज सिंह भी शामिल थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनिल कुमार (36, मलिहाबाद), अभिषेक राजपूत (25, काकोरी), धीरज सिंह (33, उन्नाव) और रामतीर्थ (35, हरदोई) के रूप में हुई है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य टैंकर चालकों, खरीदारों और सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस रैकेट के तार लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय बड़े ईंधन चोरी और कालाबाजारी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।















