नई दिल्ली: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि, भारत के कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की वैश्विक बाजारों में मांग लगातार बढ़ रही है।देश के विभिन्न राज्यों के फल, मोटे अनाज (मिलेट) और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच रहे हैं, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हो रही है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक संदेश में पीयूष गोयल ने कहा, “भारत का निर्यात नई ऊंचाइयों को छू रहा है। स्थानीय खेतों से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक भारतीय उत्पाद अपनी बेहतरीन गुणवत्ता और स्वाद से दुनिया का दिल जीत रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि, झारखंड के अमरपाली आम पहली बार ब्रिटेन और दुबई के बाजारों में पहुंचे।खास बात यह है कि इन आमों का उत्पादन पूरी तरह महिला किसान उत्पादक कंपनी (एफपीओ) ने किया, जिससे महिला किसानों को 180 प्रतिशत तक अधिक आय प्राप्त हुई। गोयल ने कहा कि, कर्नाटक के वनस्पति-आधारित मिलेट फंक्शनल फूड्स का निर्यात न्यूजीलैंड किया गया है। इससे भारतीय मोटे अनाज से बने उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती लोकप्रियता का पता चलता है।
उन्होंने बताया कि, जम्मू-कश्मीर की प्रीमियम एरेको चेरी और सेंट्रोस प्लम का निर्यात अबू धाबी और दुबई किया गया, जिससे किसानों को 120 प्रतिशत तक अधिक मूल्य मिला। एक अन्य उपलब्धि के तहत उत्तराखंड की हिमालयी लीची पहली बार इटली भेजी गई, जिससे राज्य के फल उत्पादकों के लिए नया अंतरराष्ट्रीय बाजार खुला है। वहीं, पंजाब की ताजा लीची भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) के तहत पहली बार ओमान पहुंची। इसके अलावा असम की जीआई टैग प्राप्त तेजपुर लीची का निर्यात दुबई किया गया, जहां किसानों को प्रीमियम कीमत मिली।
मंत्री ने यह भी बताया कि, मध्य प्रदेश के जीआई टैग प्राप्त रीवा सुंदरजा आम का निर्यात संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) किया गया। इससे किसानों को स्थानीय बाजार की तुलना में 40 से 50 प्रतिशत अधिक कीमत मिली।आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध बंगनपल्ली आम पहली बार समुद्री मार्ग से सिंगापुर भेजे गए, जो विदेशी बाजारों में भारतीय फलों की बढ़ती स्वीकार्यता का प्रमाण है।उन्होंने बताया कि ओडिशा से 22.6 टन सूखे संपूर्ण अंडे का पाउडर (ड्राइड होल एग पाउडर) का निर्यात ऑस्ट्रिया किया गया, जिसने यूरोप के कड़े गुणवत्ता मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया।
प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बने बिस्कुट का निर्यात भारत-ओमान मुक्त व्यापार समझौते के तहत ओमान किया गया। इससे भारतीय प्रसंस्कृत खाद्य उद्योग के लिए नए अवसर खुल रहे हैं।पीयूष गोयल ने कहा कि हर निर्यात खेप किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन करने और वैश्विक स्तर पर भारतीय उत्पादों के प्रति विश्वास मजबूत करने का माध्यम बन रही है।उन्होंने कहा, “असम के खेतों से लेकर कश्मीर के बागानों तक, वाराणसी के खाद्य उद्योग से लेकर कर्नाटक के मिलेट नवाचारों तक, पूरी दुनिया भारत के स्वाद को अपना रही है।”

















