लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगारोन्मुख शिक्षा और आधुनिक कौशल से जोड़ने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में गन्ना विकास विभाग और वाधवानी फाउंडेशन की सहयोगी संस्था स्किल्स डेवलपमेंट नेटवर्क (एसडीएन) के संयुक्त तत्वावधान में लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान, लखनऊ में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 13 से 15 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य गन्ना विकास विभाग के अंतर्गत सहकारी गन्ना विकास समितियों द्वारा संचालित विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षकों को आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल से प्रशिक्षित कर ‘मास्टर ट्रेनर’ के रूप में तैयार करना है।प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये शिक्षक अपने-अपने शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल शिक्षा प्रदान करेंगे, जिससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
गन्ना एवं चीनी आयुक्त मिनिस्थी एस ने कहा कि, योगी सरकार का लक्ष्य युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करना और उनके कौशल का निरंतर विकास करना है। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत छात्राओं के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर भी विशेष जोर दिया गया है।प्रशिक्षण पूरा होने के बाद शिक्षक विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, रोजगारोन्मुख शिक्षा और वैश्विक रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान करेंगे। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के युवाओं के लिए बेहतर रोजगार और करियर के अवसर उपलब्ध होंगे।
यह पहल शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार को एकीकृत कर उत्तर प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की योगी सरकार की नीति को और अधिक मजबूत करती है।प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में अपर गन्ना आयुक्त (प्रशासन) अभिषेक आनंद, अपर गन्ना आयुक्त (विकास) वी.के. शुक्ला, अपर गन्ना आयुक्त (समितियां) डॉ. वी.बी. सिंह सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


















