फिजी में चीनी उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए विविधीकरण जरूरी : उपनेता प्रतिपक्ष

सुवा : फिजी के उपनेता प्रतिपक्ष परवीन कुमार ने कहा कि, देश के चीनी उद्योग को दोबारा मजबूत बनाने के लिए उद्योग में विविधीकरण (डायवर्सिफिकेशन) और रा से सिगाटोका के बीच बंद पड़ी गन्ना खेती को फिर से शुरू करना आवश्यक है। संसद में अपने संबोधन के दौरान परवीन कुमार ने कहा कि, चीनी उद्योग को केवल चीनी उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय इसे कई आय स्रोतों से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने सुझाव दिया कि, उद्योग में बायोमास से बिजली उत्पादन, आधुनिक एवं टिकाऊ मशीनरी का उपयोग, बैगास (गन्ने की खोई) का पुनः उपयोग तथा उच्च गुणवत्ता वाले शीरे (मोलासेस) के उत्पादन जैसे क्षेत्रों को विकसित किया जाए।

उन्होंने कहा कि, यदि चीनी उद्योग को एक बहु-आय स्रोत वाले व्यावसायिक मॉडल के रूप में विकसित किया जाए तो इससे उद्योग की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उसकी दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित की जा सकेगी। परवीन कुमार ने चीनी उद्योग से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए संसद की मौजूदा विशेष समिति को और अधिक सशक्त बनाकर एक स्थायी द्विदलीय संस्था में बदलने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि, सरकार चीनी उद्योग पर भारी सार्वजनिक धन खर्च कर रही है, लेकिन इसके बावजूद उद्योग कई गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने बताया कि, बजट में फिजी शुगर कॉरपोरेशन के लिए 87.9 मिलियन डॉलर का संचालन अनुदान, शुगर स्टेबिलाइजेशन फंड के लिए 41.6 मिलियन डॉलर और उर्वरक सब्सिडी के लिए 15 मिलियन डॉलर का प्रावधान किया गया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

परवीन कुमार ने कहा कि, किसानों को केवल न्यूनतम मूल्य की गारंटी ही नहीं, बल्कि सरकार से भरोसा और स्थिरता की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उत्पादकता बढ़ाना, भूमि पट्टे (लैंड टेन्योर) से जुड़े मुद्दों का समाधान और वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ाना उद्योग की प्रमुख प्राथमिकताएं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि चीनी उद्योग को किसी एक समुदाय, विशेषकर भारतीय मूल के फिजीवासियों (इंडो-फिजियंस) तक सीमित मानना उचित नहीं है। उनके अनुसार, उद्योग से जुड़े लगभग 20,000 किसानों और श्रमिकों में बड़ी संख्या आई-ताउकेई (मूल फिजीवासी) समुदाय के लोगों की भी है। परवीन कुमार ने कहा कि, रा क्षेत्र कभी फिजी के सबसे अधिक उत्पादक गन्ना क्षेत्रों में शामिल था और अब समय आ गया है कि पुराने विवादों को पीछे छोड़कर उद्योग के पुनरुद्धार के लिए ठोस समाधान पर काम किया जाए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here