इंडोनेशिया में अक्टूबर से सभी पेट्रोल पंपों पर मिलेगा B50 पाम ऑयल बायोडीजल

सिंगापुर/जकार्ता : इंडोनेशिया सरकार ने घोषणा की है कि, 1 अक्टूबर 2026 से देश के सभी पेट्रोल पंपों पर B50 पाम ऑयल बायोडीजल की बिक्री अनिवार्य होगी। सरकार के अनुसार, इस ईंधन में 50 प्रतिशत पाम ऑयल आधारित बायोडीजल और 50 प्रतिशत पारंपरिक डीजल का मिश्रण होगा। इंडोनेशिया हाल ही में B50 बायोडीजल लागू करने वाला दुनिया का पहला देश बना है। विश्व का सबसे बड़ा पाम ऑयल उत्पादक देश होने के नाते इंडोनेशिया इस पहल के जरिए ईंधन आयात पर निर्भरता कम करना चाहता है। सरकार का मानना है कि अमेरिका-ईरान तनाव के बाद वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के कारण यह कदम ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगा।

सरकारी संचार एजेंसी के प्रमुख मुहम्मद क़ोदारी ने बताया कि, B50 कार्यक्रम के लिए तीन महीने का संक्रमण काल रखा गया है।इस दौरान पेट्रोल पंपों को अपने मौजूदा B40 बायोडीजल के स्टॉक को समाप्त करने की अनुमति दी गई है।उन्होंने कहा कि, 1 अक्टूबर 2026 तक देश के सभी ईंधन स्टेशनों पर केवल B50 की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी जाएगी। सरकार का अनुमान है कि, B50 योजना लागू होने से इस वर्ष विदेशी मुद्रा में करीब 170 ट्रिलियन इंडोनेशियाई रुपिया (लगभग 9.4 अरब डॉलर) की बचत हो सकती है। इसके अलावा कच्चे पाम ऑयल (सीपीओ) से लगभग 23.49 ट्रिलियन रुपिया (करीब 1.3 अरब डॉलर) का अतिरिक्त आर्थिक मूल्य सृजित होने की भी संभावना है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरकारी ऊर्जा कंपनी पर्टामिना भी B50 की आपूर्ति के अनुरूप अपने वितरण तंत्र में बदलाव कर रही है। कंपनी के प्रमुख साइमन एलॉयसियस मंतिरी ने कहा कि, B50 लागू होने से डीजल आयात में प्रतिदिन लगभग 3.10 लाख बैरल तक की कमी आ सकती है। ऊर्जा थिंक टैंक आईईएसआर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फैबी तुमीवा ने कहा कि B50 देश के व्यापार संतुलन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने हालांकि सुझाव दिया कि इस नीति को लचीले तरीके से लागू किया जाना चाहिए।

फैबी के अनुसार, जब वैश्विक कच्चे तेल की कीमत 110 डॉलर प्रति बैरल से अधिक होती है, तब B50 से अधिक आर्थिक लाभ मिलता है। वहीं यदि कच्चे तेल की कीमत कम रहती है तो इस योजना को लागू करने के लिए सरकार को अधिक वित्तीय सहायता देनी पड़ सकती है।उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि, B50 के लिए अधिक पाम ऑयल की आवश्यकता होगी, जिससे निर्यात के लिए निर्धारित पाम ऑयल का एक हिस्सा घरेलू बायोडीजल उत्पादन में इस्तेमाल करना पड़ सकता है। इससे पाम ऑयल निर्यात से होने वाली आय प्रभावित हो सकती है और सरकारी बजट पर दबाव बढ़ने की आशंका है। इसलिए उन्होंने योजना की नियमित समीक्षा और इसकी आर्थिक व्यवहार्यता का लगातार मूल्यांकन करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here