इंडोनेशिया का 2029 तक 20% एथेनॉल मिश्रित ईंधन लागू करने का लक्ष्य, ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा

जकार्ता: इंडोनेशिया ने राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से वर्ष 2029 तक 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित ईंधन (E20) लागू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। आर्थिक मामलों के समन्वय मंत्रालय में ऊर्जा एवं खनिज संसाधन समन्वय के उप प्रमुख एलेन सेतियादी ने बुधवार को जकार्ता में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि, सरकार को उम्मीद है कि वर्ष 2029 तक E20 ईंधन मिश्रण को लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश में पेट्रोल में 5 प्रतिशत बायोएथेनॉल मिश्रण (E5) अनिवार्य है।

E20 लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार गन्ना और कसावा जैसी घरेलू कृषि फसलों से एथेनॉल उत्पादन बढ़ाने की योजना बना रही है। इस कार्यक्रम के लिए आवश्यक शीरे (मोलासेस) का बड़ा हिस्सा नए विकसित ‘फूड एस्टेट’ कृषि परियोजनाओं, विशेषकर पापुआ में बड़े पैमाने पर विकसित कृषि क्षेत्रों से प्राप्त होने की संभावना है। सेतियादी ने कहा कि राष्ट्रीय औद्योगीकरण को गति देने और औद्योगिक क्षेत्र को दीर्घकालिक रूप से मजबूत बनाए रखने के लिए एक सुदृढ़ ऊर्जा तंत्र (इकोसिस्टम) का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति का ‘अस्ता चिता’ कार्यक्रम के तहत स्पष्ट निर्देश है कि ऊर्जा सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार है, जिसके बाद औद्योगिक मूल्य संवर्धन (डाउनस्ट्रीमिंग) आता है।”

ChiniMandi WhatsApp Channel

मध्य पूर्व में जारी संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि, वैश्विक भू-राजनीतिक अस्थिरता इंडोनेशिया के लिए एक महत्वपूर्ण सीख है कि वह अपने प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन को मजबूत करे और ऊर्जा संबंधी जोखिमों को कम करे। उन्होंने राष्ट्रीय बायोडीजल-50 (B50) कार्यक्रम को ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने का सफल उदाहरण बताते हुए कहा कि इससे देश की आयातित डीजल पर निर्भरता कम हुई है। सरकार सब्सिडी वाले ईंधनों, जैसे डीजल और पर्टालाइट, के माध्यम से ऊर्जा को किफायती बनाए रखने के साथ-साथ दीर्घकालिक नवीकरणीय ऊर्जा कार्यक्रमों को भी आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सेतियादी ने कहा कि राष्ट्रपति ने आश्वासन दिया है कि सब्सिडी वाले डीजल और पर्टालाइट की कीमतों में वर्ष के अंत तक कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here