इंडोनेशिया जुलाई से शुरू करेगा B50 बायोडीजल कार्यक्रम, डीजल आयात पर निर्भरता होगी लगभग समाप्त

जकार्ता: दुनिया के सबसे बड़े पाम ऑयल उत्पादक देश इंडोनेशिया ने ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जुलाई 2026 से B50 बायोडीजल कार्यक्रम लागू करने की घोषणा की है। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने कहा कि इस पहल के बाद देश को डीजल आयात पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। गोरोंटालो में आयोजित 17वें राष्ट्रीय किसान एवं मछुआरा सप्ताह (PENAS KTNA XVII) कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति प्रबोवो ने कहा कि, जुलाई में B50 बायोडीजल लॉन्च किया जाएगा, जिसमें डीजल ईंधन में 50 प्रतिशत पाम ऑयल आधारित बायोडीजल का मिश्रण होगा। इससे देश की विदेशी डीजल पर निर्भरता लगभग समाप्त हो जाएगी। इंडोनेशिया पिछले कुछ वर्षों से डीजल में बायोडीजल मिश्रण की अनिवार्य मात्रा लगातार बढ़ा रहा है, ताकि ईंधन आयात कम हो, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत बने और घरेलू पाम ऑयल खपत को बढ़ावा मिले।

उन्होंने कहा कि, इंडोनेशिया ईंधन और ऊर्जा दोनों क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य अगले तीन से चार वर्षों में पूर्ण ऊर्जा आत्मनिर्भरता हासिल करना है, ताकि ऊर्जा जरूरतों के लिए किसी भी प्रकार का आयात न करना पड़े। राष्ट्रपति ने कहा कि, वैश्विक स्तर पर तेल उत्पादक क्षेत्रों और प्रमुख समुद्री व्यापार मार्गों में बढ़ती अस्थिरता के बीच ऊर्जा सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास बढ़ते तनाव का उल्लेख करते हुए घरेलू ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

वहीं, ऊर्जा एवं खनिज संसाधन मंत्री बहलिल लहदालिया ने बताया कि B50 कार्यक्रम को 1 जुलाई 2026 से लागू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। विभिन्न परीक्षणों में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिससे सरकार इस योजना को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। मंत्री के अनुसार B50 बायोडीजल का परीक्षण भारी मशीनों, जहाजों, ट्रेनों, खनन उपकरणों, एक्सकेवेटर और कृषि यंत्रों पर किया गया, जहां इसका प्रदर्शन संतोषजनक पाया गया। सरकार का अनुमान है कि B50 कार्यक्रम लागू होने से इस वर्ष करीब 157.28 ट्रिलियन इंडोनेशियाई रुपिया की विदेशी मुद्रा की बचत हो सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here