नई दिल्ली : ब्राजील ने कंटेनर जहाज के लिए पहली बार बायोएथेनॉल बंकरिंग (ईंधन भरने) का सफल संचालन कर समुद्री परिवहन में नवीकरणीय ईंधन के उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस पहल के साथ ही ब्राजील ने वैश्विक कम-कार्बन (लो-कार्बन) शिपिंग की दिशा में अपनी मजबूत भूमिका भी दर्ज कराई है।ब्राजील की अग्रणी चीनी व्यापार कंपनी कोपरसुकार (Copersucar) के अनुसार यह ऐतिहासिक बंकरिंग अभियान सैंटोस बंदरगाह पर सफलतापूर्वक पूरा किया गया। यहां दुनिया के पहले 13,000 टीईयू क्षमता वाले ट्राई-फ्यूल इंजन से लैस कंटेनर जहाज सीएमए सीजीएम आयरन (CMA CGM IRON) में बायोएथेनॉल ईंधन भरा गया।
ब्राजील निर्मित बायोएथेनॉल से पहली बार चला कंटेनर जहाज…
यह अभियान सीएमए सीजीएम ग्रुप, एजीईओ टर्मिनाइस, सैंटोस ब्राजील और बंकर वन के सहयोग से संचालित किया गया।यह पहला अवसर है जब किसी कंटेनर जहाज को समुद्री संचालन के लिए ब्राजील में निर्मित बायोएथेनॉल से ईंधन उपलब्ध कराया गया। कोपरसुकार ने कहा कि, इस पहल से ब्राजील उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है जो समुद्री जहाजों के लिए बायोएथेनॉल बंकरिंग करने में सक्षम हैं। साथ ही, यह वैश्विक नौवहन उद्योग से होने वाले ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने के लिए बायोएथेनॉल को एक व्यावहारिक और तुरंत उपलब्ध समाधान के रूप में स्थापित करता है।
गन्ने से तैयार हुआ पर्यावरण-अनुकूल ईंधन…
कंपनी के अनुसार, इस अभियान में इस्तेमाल किया गया बायोएथेनॉल उसकी प्रमाणित आपूर्ति श्रृंखला के माध्यम से उपलब्ध कराया गया। कंपनी ने बताया कि ब्राजील में गन्ने का विस्तार मुख्य रूप से बंजर एवं क्षतिग्रस्त चरागाह भूमि पर किया जाता है। वहीं देश का रेनोवाबायो (RenovaBio) कार्यक्रम टिकाऊ उत्पादन और शून्य वनों की कटाई (Zero Deforestation) जैसे सख्त मानकों का पालन सुनिश्चित करता है।
समुद्री परिवहन को कार्बन मुक्त बनाने में मिलेगी मदद…
कोपरसुकार का कहना है कि, इस परियोजना ने यह साबित कर दिया है कि बायोएथेनॉल समुद्री परिवहन को कार्बन उत्सर्जन से मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कमी के अलावा, बायोएथेनॉल की व्यावसायिक स्तर पर उपलब्धता, ब्राजील में विकसित उत्पादन ढांचा और इसकी लागत-प्रभावशीलता इसे समुद्री ईंधन का एक मजबूत विकल्प बनाती है।
दक्षिण अमेरिका का लो-कार्बन फ्यूल हब बनेगा सैंटोस बंदरगाह…
कंपनी ने कहा कि, इस सफल प्रदर्शन के बाद सैंटोस बंदरगाह और सैंटोस ब्राजील दक्षिण अमेरिका के भविष्य के लो-कार्बन समुद्री ईंधन केंद्र के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। महाद्वीप के सबसे बड़े बंदरगाह के रूप में सैंटोस वैश्विक स्तर पर टिकाऊ समुद्री ईंधन की बढ़ती मांग को पूरा करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
2050 तक नेट जीरो कार्बन का लक्ष्य…
सीएमए सीजीएम ग्रुप ने कहा कि यह पहल वर्ष 2050 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन हासिल करने की उसकी रणनीति का हिस्सा है। कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2031 तक लगभग 200 ऐसे कंटेनर जहाज संचालित करना है, जो कम-कार्बन ऊर्जा का उपयोग करने में सक्षम हों। सीएमए सीजीएम आयरन, जिसे वर्ष 2025 में सेवा में शामिल किया गया था, दुनिया का पहला 13,000 टीईयू क्षमता वाला ट्राई-फ्यूल इंजन युक्त कंटेनर जहाज है, जिसे विशेष रूप से बायोएथेनॉल पर संचालन के लिए प्रमाणित किया गया है।


















