अनाज आधारित एथेनॉल का बढ़ता उत्पादन चीनी उद्योग के चिंता का विषय नहीं : ISMA

नई दिल्ली: भारतीय शुगर एवं बायो-एनर्जी निर्माता संघ (ISMA) के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि, अनाज आधारित एथेनॉल का उत्पादन चीनी आधारित एथेनॉल से अधिक होना चीनी उद्योग के लिए चिंता का विषय नहीं है।उनके अनुसार, दोनों फीडस्टॉक मिलकर भारत के एथेनॉल मिश्रण (ब्लेंडिंग) कार्यक्रम को मजबूती प्रदान कर रहे हैं और देश की ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, भारत का एथेनॉल उद्योग अब ऐसे दौर में प्रवेश कर चुका है, जहां भविष्य में नई उत्पादन क्षमता स्थापित करने की बजाय बढ़ती मांग इस क्षेत्र की दिशा तय करेगी।सीएनबीसी टीवी 18 में प्रकाशित खबर के अनुसार, उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि चीनी और अनाज आधारित एथेनॉल उत्पादकों के पास फिलहाल पर्याप्त उत्पादन क्षमता उपलब्ध है। अब इस क्षेत्र में वृद्धि का प्रमुख आधार फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों का विस्तार और अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन का बढ़ता उपयोग होगा।

उत्पादन में अनाज आधारित एथेनॉल की हिस्सेदारी बढ़ी…

ChiniMandi WhatsApp Channel

एलारा सिक्योरिटीज के संस्थागत इक्विटी उपाध्यक्ष प्रशांत बियानी के अनुसार, वर्तमान में कुल एथेनॉल उत्पादन में लगभग 70 प्रतिशत हिस्सेदारी अनाज आधारित एथेनॉल की है, जबकि चीनी आधारित एथेनॉल की हिस्सेदारी घटकर लगभग 30 प्रतिशत रह गई है। पहले दोनों की हिस्सेदारी लगभग बराबर थी, लेकिन गन्ने की लागत बढ़ने और एथेनॉल की कीमतों में समान अनुपात में वृद्धि न होने से चीनी आधारित एथेनॉल का उत्पादन अपेक्षाकृत कम आकर्षक हो गया है।

नई क्षमता जोड़ने की फिलहाल जरूरत नहीं…

दीपक बल्लानी ने कहा कि, वर्तमान में उद्योग के पास चीनी और अनाज आधारित एथेनॉल मिलाकर लगभग 2,000 करोड़ लीटर वार्षिक उत्पादन क्षमता है, जबकि देश में खपत केवल 1,100 से 1,200 करोड़ लीटर के बीच है। ऐसे में जब तक मौजूदा क्षमता का पूरा उपयोग नहीं हो जाता, तब तक नई उत्पादन क्षमता स्थापित करना व्यावहारिक नहीं होगा।उन्होंने बताया कि, कई चीनी मिलों ने पहले ही ड्यूल-फीड डिस्टिलरी स्थापित कर ली हैं। ये इकाइयां पेराई सत्र के दौरान गन्ने से एथेनॉल का उत्पादन करती हैं और ऑफ-सीजन में अनाज आधारित एथेनॉल का निर्माण करती हैं। इससे संचालन में लचीलापन मिलता है, लेकिन फिलहाल अतिरिक्त क्षमता बढ़ाने की कोई योजना नहीं है।

फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों से बढ़ेगी एथेनॉल की मांग…

उद्योग का मानना है कि आने वाले वर्षों में फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के प्रसार से एथेनॉल की मांग में लगातार वृद्धि होगी। हाल ही में मारुति सुजुकी ने अपना पहला फ्लेक्स-फ्यूल वाहन पेश किया है, वहीं सरकार ने ऐसे वाहनों के लिए ई-85 (E85) ईंधन भी उपलब्ध कराया है। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में ई-20 से ई-100 तक उच्च एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन के व्यापक उपयोग से एथेनॉल संयंत्रों की क्षमता का बेहतर उपयोग संभव होगा।फ्लेक्स-फ्यूल वाहन ऐसे वाहन होते हैं, जो ई-20 से लेकर ई-100 तक किसी भी अनुपात में एथेनॉल मिश्रित ईंधन पर संचालित हो सकते हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here