फतेहपुर: जहानाबाद पंप कैनाल के शुरू होने से क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा बढ़ने और गन्ने का रकबा बढ़ने की संभावना के बीच घाटमपुर की बंद पड़ी चीनी मिल को दोबारा शुरू कराने की मांग तेज हो गई है। समाजसेवी रोहित उमराव ने सांसद नरेश उत्तम पटेल को ज्ञापन सौंपकर मिल का संचालन फिर से शुरू कराने की मांग की है।उनका कहना है कि, मिल के चालू होने से किसानों की आय में वृद्धि होगी और गन्ने की तौल के दौरान होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
ज्ञापन में कहा गया है कि, किसानों के आर्थिक हित को ध्यान में रखते हुए रामसारी, घाटमपुर (कानपुर नगर) स्थित चीनी मिल को पुनः सुचारू रूप से शुरू कराया जाना चाहिए। बताया गया कि इस चीनी मिल की शुरुआत 25 नवंबर 1987 को हुई थी, लेकिन करीब 21 वर्षों के संचालन के बाद वर्ष 2009 में इसे बंद कर दिया गया। मिल के संचालन के दौरान करीब 6,587 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने का उत्पादन होता था। घाटमपुर तहसील के साथ ही कानपुर देहात, बिंदकी तहसील (फतेहपुर), हमीरपुर, औरैया, इटावा और उन्नाव सहित कई जिलों के किसान अपना गन्ना इस मिल में लेकर आते थे।
चीनी मिल बंद होने के बाद किसानों को गन्ना बेचने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे उनकी परेशानियां और भागदौड़ बढ़ गई हैं। अब जहानाबाद पंप कैनाल के शुरू होने से सिंचाई की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में गन्ने का रकबा बढ़ सकता है और किसानों को आर्थिक रूप से लाभ मिलने की संभावना है।समाजसेवी रोहित उमराव ने कहा कि जिस तरह आजमगढ़, गोरखपुर और बस्ती में बंद चीनी मिलों को दोबारा शुरू कराया गया है, उसी तर्ज पर घाटमपुर चीनी मिल का भी संचालन शुरू कराया जाना चाहिए।सांसद नरेश उत्तम पटेल ने आश्वासन दिया कि, इस मुद्दे को संसद के शून्यकाल में उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि घाटमपुर की बंद चीनी मिल को फिर से शुरू कराने की मांग संसद में प्रमुखता से रखी जाएगी।


















