कवर्धा: पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों के लिए राहत की खबर है। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, पंडरिया ने पेराई सत्र 2025-26 के दौरान खरीदे गए गन्ने की एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) की पूरी राशि का भुगतान कर दिया है।कारखाना प्रबंधन ने किसानों की बकाया 18.97 करोड़ रुपये की एफआरपी राशि जारी कर दी है। इसके साथ ही इस पेराई सत्र के लिए एफआरपी का 100 प्रतिशत भुगतान पूरा हो गया है। प्रबंधन के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में यह सबसे कम समय में किया गया पूर्ण एफआरपी भुगतान है।
कारखाने के प्रबंध संचालक यूके कौशिक ने बताया कि, केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित 329.05 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसानों से गन्ने की खरीद की गई थी। इसके तहत किसानों को कुल 40.05 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना था।इसमें से 21.07 करोड़ रुपये पहले ही किसानों को जारी किए जा चुके थे। वहीं, शेष 18.97 करोड़ रुपये सोमवार को 4,961 गन्ना उत्पादक किसानों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित कर दिए गए। यह भुगतान उन किसानों को किया गया है, जिन्होंने 21 दिसंबर 2025 से 7 फरवरी 2026 के बीच कारखाने को गन्ने की आपूर्ति की थी। कारखाना प्रबंधन ने शेष रिकवरी राशि का भुगतान भी जल्द करने का भरोसा दिलाया है।


















