केन्या : विवादित कच्ची चीनी के आयात को लेकर सांसदों ने केन्या रेवेन्यू अथॉरिटी के खिलाफ जांच शुरू की

नैरोबी : नेशनल असेंबली की व्यापार, उद्योग और सहकारिता संबंधी विभागीय समिति ने केन्या रेवेन्यू अथॉरिटी (KRA) के खिलाफ जांच शुरू की है। यह जांच मोम्बासा शुगर रिफाइनरी लिमिटेड द्वारा आयात की गई कच्ची चीनी की एक खेप को कस्टम मंजूरी दिए जाने के मामले में की जा रही है। 16 जुलाई 2026 को इकोलोमानी सांसद बर्नार्ड शिनाली की अध्यक्षता वाली समिति के सामने पेश हुईं KRA की कस्टम्स एंड बॉर्डर कंट्रोल कमिश्नर लिलियन न्यावांडा ने इस फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि, खेप को मंजूरी देने से पहले आयातक ने सभी जरूरी कस्टम और नियामकीय प्रक्रियाओं का पालन किया था।

न्यावांडा के अनुसार, आयातक ने सभी आवश्यक दस्तावेज जमा किए और करीब 500 मिलियन केन्याई शिलिंग का आयात शुल्क चुकाया। इसके बाद ही चीनी की खेप को कस्टम से मंजूरी दी गई। हालांकि, समिति के सदस्यों ने आयातक को दी गई व्यापक कर छूट पर सवाल उठाए। KRA ने सांसदों को बताया कि इस खेप को वैट, एक्साइज ड्यूटी, इंपोर्ट डिक्लेरेशन फीस, रेलवे डेवलपमेंट लेवी, शुगर डेवलपमेंट लेवी और मर्चेंट शिपिंग लेवी में छूट मिली थी। KRA के मुताबिक, इन छूटों के कारण सरकार को अनुमानित 2.98 अरब केन्याई शिलिंग के राजस्व का नुकसान हुआ।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सांसदों ने चीनी की खेप के साथ जमा किए गए दस्तावेजों पर भी सवाल उठाए। KRA के अधिकारी आयातित चीनी के निर्माता की पहचान से जुड़े रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करा सके। समिति के सदस्यों ने कहा कि संसद के सामने पेश किए गए दस्तावेजों में चीनी के निर्माण की तारीख और एक्सपायरी डेट जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी मौजूद नहीं थीं। समिति के अध्यक्ष बर्नार्ड शिनाली ने कहा कि चीनी की खेप को मंजूरी दिए जाने की परिस्थितियां बेहद गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि कर छूट के रूप में सरकार को हुए भारी राजस्व नुकसान पर भी समिति को जवाब चाहिए। समिति ने अब खेप से जुड़े अतिरिक्त दस्तावेज मांगे हैं। इनमें चीनी का मूल देश, गुणवत्ता प्रमाणन और अंतिम उपयोग से संबंधित जानकारी शामिल है।

यह संसदीय जांच ऐसे समय में हो रही है जब आयातित चीनी के स्थानीय किसानों और सरकारी राजस्व पर प्रभाव को लेकर बहस तेज है। एक सांसद ने आरोप लगाया कि, मॉरीशस और ब्राजील से आयातित चीनी मोम्बासा बंदरगाह के जरिए देश में पहुंचती है और फिर स्थानीय प्रसंस्करण के लिए भेजी जाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि, लगातार चीनी आयात से पश्चिमी केन्या और न्यान्जा क्षेत्र के गन्ना किसानों को नुकसान हो रहा है। इन क्षेत्रों के किसान पहले से ही भुगतान में देरी, कम कीमतों और घटते बाजार जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

हाल ही में हुई एक मीडिया जांच में केन्या की चीनी आपूर्ति श्रृंखला और औद्योगिक उपयोग वाली कच्ची चीनी के आयात की पड़ताल की गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, बड़ी मात्रा में औद्योगिक ग्रेड की कच्ची चीनी मोम्बासा के जरिए ऐसे वर्गीकरण के तहत आयात की जाती है, जिस पर घरेलू उपभोग के लिए सीधे इस्तेमाल होने वाली रिफाइंड चीनी की तुलना में कम टैक्स लगता है। इसके बाद इस चीनी को स्थानीय स्तर पर प्रोसेस कर दोबारा पैक किया जाता है और उपभोक्ता बाजार में पहुंचाया जाता है। रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है। औद्योगिक ग्रेड की चीनी में ऐसी अशुद्धियां और अवशेष हो सकते हैं, जो सीधे मानव उपभोग के लिए उपयुक्त नहीं माने जाते।

चीनी उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, औद्योगिक ग्रेड की चीनी कम कर दरों पर देश में आती है और बाद में इसे प्रोसेस, पैक और घरेलू उपयोग के लिए बेचा जाता है। हितधारकों का कहना है कि नीतियों के असंगत क्रियान्वयन और कमजोर निगरानी के कारण स्थानीय गन्ने की कटाई के मौसम में भी आयातित चीनी बाजार में पहुंच रही है। इससे घरेलू चीनी उत्पादकों पर दबाव बढ़ रहा है। कस्टम अधिकारियों ने संभावित गलत वर्गीकरण और टैक्स संबंधी विसंगतियों वाली खेपों की समीक्षा शुरू करने की बात कही है।

व्यापार समिति ने जांच जारी रहने के दौरान KRA को मोम्बासा शुगर रिफाइनरी की चीनी खेप से जुड़े अतिरिक्त दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जांच में आयात मंजूरी प्रक्रिया, कर छूट व्यवस्था, कस्टम वर्गीकरण और औद्योगिक तथा उपभोक्ता उपयोग वाली चीनी के आयात से जुड़े नियमों के अनुपालन की जांच की जाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here