कोल्हापुर (महाराष्ट्र) : देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में शामिल महाराष्ट्र में चीनी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है।जून महीने में चीनी का एक्स-मिल भाव 3,800 रुपये प्रति क्विंटल था, जो 16 जुलाई तक बढ़कर 4,450 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। इससे चीनी मिलों की कमाई में भी इजाफा हुआ है। चीनी के दाम आसमान छू रहे हैं, ऐसे में चीनी मिल मिलर्स किसानों के हक का पैसा देने में आनाकानी क्यों कर रहे हैं? यह सवाल स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने उठाया है।
‘चीनी मंडी’ से बातचीत में राजू शेट्टी ने कहा कि, पिछले साल का गन्ना पेराई सत्र खत्म हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अभी भी कई चीनी मिलों ने किसानों की दूसरी किश्त उनके बैंक खातों में जमा नहीं की है। उन्होंने कहा, वर्तमान में नए गन्ना सत्र की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बढ़ती महंगाई के कारण किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। किसानों को खाद, बीज और खेत की जुताई-बुवाई जैसे कृषि कार्यों के लिए पैसों की जरूरत है। सांगली और कोल्हापुर जिलों की चीनी मिलों को पिछले सत्र में पेराई किए गए गन्ने के लिए किसानों को प्रति टन 100 रुपये के दूसरी किश्त का भुगतान तुरंत करना चाहिए।
राजू शेट्टी ने कहा कि, चीनी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का लाभ किसानों को भी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि, चीनी मिलों को केवल चीनी से ही नहीं, बल्कि विभिन्न सह-उत्पादों से भी बड़ी आमदनी होती है। इसके बावजूद कई चीनी मिलें किसानों के हक का पैसा देने में आनाकानी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि, स्वाभिमानी शेतकरी संगठन किसानों को उनका उचित हक और सही भुगतान दिलाए बिना चुप नहीं बैठेगा।
केंद्र सरकार चीनी आयात पर कर सकती है विचार…
इस बीच, घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बीच केंद्र सरकार शून्य आयात शुल्क पर करीब 10 लाख टन चीनी आयात करने पर विचार कर सकती है। सूत्रों के अनुसार, बाजार की स्थिति पर नियंत्रण रखने के लिए सरकार कुछ कड़े कदमों पर भी विचार कर रही है। इनमें साप्ताहिक और पखवाड़े के आधार पर चीनी वितरण व्यवस्था लागू करना तथा व्यापारियों के लिए चीनी भंडारण की सीमा तय करना शामिल है।


















