आगामी पेराई सत्र के लिए भारत की चीनी मिलों की तैयारी, उद्योग अब एक नए दृष्टिकोण की ओर अग्रेसर

नई दिल्ली : भारत का चीनी उद्योग नए पेराई सत्र की तैयारियों को लेकर अब एक नए दृष्टिकोण की ओर बढ़ रहा है। अब ध्यान केवल बॉयलर प्रेशर या रिकवरी प्रतिशत तक सीमित नहीं है। चीनी, एथेनॉल और बिजली के बीच बेहतर संतुलन बनाते हुए गन्ने की प्रत्येक टन से अधिकतम मूल्य प्राप्त करना ही आधुनिक चीनी मिलों की प्राथमिकता बन गया है। यह बदलाव एकल चीनी इकाइयों के संचालन से आगे बढ़कर एकीकृत उद्यमों के प्रबंधन की दिशा को दर्शाता है।

एसपीई, जुआरी इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक एवं यूनिट हेड द्वारा बिजनेसलाइन में लिखे आर्टिकल के अनुसार, 2026-27 के लिए उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) ₹365 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.81 प्रतिशत अधिक है। यह अनुमानित उत्पादन लागत ₹182 प्रति क्विंटल से 100 प्रतिशत से भी अधिक है।हालांकि, उत्तर प्रदेश की चीनी मिलों के लिए अधिक महत्वपूर्ण मानक राज्य परामर्शित मूल्य (SAP) है। वर्ष 2025-26 में शुरुआती प्रजातियों के लिए SAP ₹400 प्रति क्विंटल और सामान्य प्रजातियों के लिए ₹390 प्रति क्विंटल था, जो FRP से ₹25 से ₹35 अधिक था।

ChiniMandi WhatsApp Channel

वर्ष 2026-27 के लिए SAP की घोषणा अभी बाकी है। इसके बावजूद चीनी मिलें अपनी गन्ना खरीद योजना, कार्यशील पूंजी व्यवस्था और भुगतान कार्यक्रमों को SAP को ध्यान में रखकर तैयार कर रही हैं। FRP और SAP दोनों के तहत किसानों को गन्ने की आपूर्ति के 14 दिनों के भीतर पूरा भुगतान करना कानूनी दायित्व है। भुगतान में देरी केवल वित्तीय चूक नहीं है, बल्कि इससे किसानों का भरोसा प्रभावित हो सकता है और नियामकीय कार्रवाई का जोखिम भी बढ़ता है। ऐसे में ट्रेजरी प्लानिंग भी बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।

एथेनॉल भुगतान से कार्यशील पूंजी को सहारा

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों से एथेनॉल का भुगतान आमतौर पर आपूर्ति के तीन सप्ताह के भीतर प्राप्त हो जाता है, जिससे पेराई के चरम दौर में कार्यशील पूंजी को सहारा मिलता है। हालांकि, पूरे सत्र के दौरान गन्ना भुगतान की जिम्मेदारियों को एथेनॉल भुगतान चक्र के साथ संतुलित करने के लिए सटीक पूर्वानुमान और अनुशासित वित्तीय प्रबंधन आवश्यक है।

फीडस्टॉक में लचीलापन अब प्रतिस्पर्धा की कुंजी

भारत का एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम ESY 2025-26 में 20 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। एथेनॉल की खरीद वर्ष 2013-14 में 38 करोड़ लीटर से बढ़कर आज 1,200 करोड़ लीटर से अधिक हो गई है। महत्वपूर्ण बात यह है कि अब चीनी मिलें गन्ने के रस, सिरप और शीरे के माध्यम से इस कुल मात्रा में लगभग 30 प्रतिशत का योगदान देती हैं, जबकि शेष 70 प्रतिशत हिस्सा मुख्य रूप से मक्का आधारित स्रोतों से आता है। अकेले मक्के की हिस्सेदारी ESY 2022-23 में 6 प्रतिशत से बढ़कर आज लगभग 50 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

इस संरचनात्मक बदलाव का अर्थ है कि एथेनॉल कार्यक्रम अब केवल चीनी क्षेत्र पर निर्भर नहीं है। अक्षम डिस्टिलरी वाली चीनी मिलों को अनाज आधारित उत्पादकों से प्रतिस्पर्धा में नुकसान उठाना पड़ सकता है। गन्ने के सीधे रस से प्रति टन गन्ने पर 70-80 लीटर एथेनॉल प्राप्त होता है, जिसकी अधिसूचित कीमत ₹65.61 प्रति लीटर है। वहीं, C-हेवी शीरे से केवल 22-25 लीटर एथेनॉल प्राप्त होता है, जिसकी कीमत ₹57.97 प्रति लीटर है।ऐसे में वे चीनी मिलें बेहतर स्थिति में हैं, जिनके पास चीनी भंडार और सरकारी नीतियों के अनुसार अलग-अलग फीडस्टॉक के बीच बदलाव करने की क्षमता है।यह लचीलापन मार्जिन को सुरक्षित रखने में मदद करता है। हालांकि, सीजन शुरू होने से पहले इस क्षमता का परीक्षण और परिचालन तैयारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।

मेंटेनेंस के लिए शटडाउन अवधि बेहद महत्वपूर्ण

सफल पेराई सत्र का निर्धारण केवल पहले दिन की पेराई से नहीं होता। इसकी नींव तैयारी के चरण में रखी जाती है। शटडाउन अवधि तैयारी के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय होता है, लेकिन कई बार इसका पूरी तरह उपयोग नहीं किया जाता। बॉयलर, टर्बाइन, मिल रोलर्स, डिस्टिलरी उपकरणों की ओवरहॉलिंग, इंस्ट्रूमेंटेशन कैलिब्रेशन और महत्वपूर्ण स्पेयर पार्ट्स की जांच जैसे सभी जरूरी कार्य कमीशनिंग से पहले पूरे किए जाने चाहिए। 2025-26 का पेराई सत्र, जिसमें मौसम संबंधी व्यवधानों के कारण उत्पादन शुरुआती 3 करोड़ टन से अधिक के अनुमान के मुकाबले घटकर लगभग 2.7-2.8 करोड़ टन रह गया, एक महत्वपूर्ण सबक देता है। बाहरी चुनौतियों को नियंत्रित नहीं किया जा सकता, लेकिन परिचालन संबंधी लापरवाही से बचा जा सकता है।

को-जनरेशन की तैयारी भी जरूरी

को-जनरेशन सिस्टम की तैयारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। एक अच्छी तरह कॉन्फिगर किया गया हाई-प्रेशर सिस्टम प्रति टन गन्ने से 80-120 किलोवाट-घंटे बिजली ग्रिड को उपलब्ध करा सकता है। लंबी अवधि के पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) के माध्यम से इससे स्थिर आय प्राप्त की जा सकती है।हालांकि, यह लाभ तभी हासिल किया जा सकता है जब सिस्टम पेराई के पहले दिन से पूरी तरह चालू हों और ग्रिड तक बिजली पहुंचाने की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की गई हो।

गन्ना आने से पहले ही शुरू हो जाता है पेराई सत्र

सबसे सफल चीनी मिलें हमेशा सबसे बड़ी नहीं होतीं, बल्कि वे होती हैं जो सबसे बेहतर तरीके से तैयार रहती हैं। इन मिलों में गन्ना विकास कार्यक्रम पहले से तैयार होते हैं, फीडस्टॉक रणनीति स्पष्ट होती है, मेंटेनेंस कार्य पूरी तरह पूरा किया जा चुका होता है, भुगतान प्रणाली खेत स्तर से जुड़ी होती है और ट्रेजरी व्यवस्था मौसमी जरूरतों के अनुरूप होती है।इसलिए तैयारी केवल पेराई सत्र से पहले की गतिविधि नहीं है, बल्कि यह पूरे पेराई सत्र का निरंतर हिस्सा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here