मैसूरु : कर्नाटक में बारिश की कमी के कारण गन्ने की खड़ी फसलें सूखने लगी हैं। राज्य गन्ना उत्पादक संघ ने सरकार से सूखा घोषित कर प्रत्येक प्रभावित किसान को ₹40,000 की राहत देने की मांग की है। इसके साथ ही 2026-27 पेराई सत्र से पहले गन्ने का खरीद मूल्य घोषित करने, कटाई और परिवहन शुल्क एक समान तय करने तथा बन्नारी शुगर फैक्ट्री से पिछले सत्र का ₹50 प्रति टन अतिरिक्त गन्ना मूल्य का बकाया भुगतान कराने की मांग उठाई गई है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए संघ के प्रदेश अध्यक्ष कुरुबुर शांताकुमार ने कहा कि, राज्य के करीब 50 प्रतिशत हिस्से में सामान्य से कम बारिश हुई है। इसके चलते कई क्षेत्रों में पीने के पानी और बिजली का गंभीर संकट पैदा हो गया है।
उन्होंने बताया कि, कई इलाकों में किसान बुवाई तक नहीं कर सके, जबकि पहले बोई गई फसलें भी सूख गई हैं। गन्ना और केले जैसी खड़ी फसलें सिंचाई के अभाव में सूख रही हैं। ऐसे में सूखा घोषित करने में हो रही देरी किसानों के लिए बड़ा झटका साबित हो रही है।संघ ने तमिलनाडु और महाराष्ट्र की तर्ज पर राष्ट्रीयकृत, सहकारी और निजी बैंकों से लिए गए फसल ऋण माफ करने की मांग की है। साथ ही किसानों के खिलाफ चल रही ऋण वसूली प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की गई है। संघ ने सरकार से यह भी आग्रह किया कि सूखे की अवधि के दौरान यदि किसान ब्याज का भुगतान करते हैं तो बैंकों को उनके गोल्ड लोन का नवीनीकरण करने का निर्देश दिया जाए।
कुरुबुर शांताकुमार ने किसानों से 6 से 8 अगस्त तक तुमकुरु में गांधी प्राकृतिक खेती संस्थान द्वारा आयोजित किए जाने वाले मृदा एवं जल सत्याग्रह में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य मिट्टी और जल संरक्षण के महत्व को लेकर जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने राज्य सरकार से मौजूदा सूखे की स्थिति को देखते हुए इस वर्ष का मैसूरु दशहरा सादगी से मनाने की अपील की। दशहरा समारोह में कंबाला को शामिल किए जाने का विरोध दोहराते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष यह आयोजन नहीं किया जाना चाहिए।
गन्ने का खरीद मूल्य जल्द घोषित करने की मांग
संघ ने मांग की कि 2026-27 के पेराई सत्र के लिए गन्ने का खरीद मूल्य पेराई शुरू होने से पहले घोषित किया जाए। इसके साथ ही पूरे राज्य में गन्ने की कटाई और परिवहन शुल्क एक समान निर्धारित करने की भी मांग की गई।संघ ने आरोप लगाया कि, बन्नारी शुगर फैक्ट्री को पिछले पेराई सत्र के लिए राज्य सरकार द्वारा निर्धारित ₹50 प्रति टन अतिरिक्त गन्ना मूल्य का बकाया भुगतान करना बाकि है। संघ ने मांग की कि पेराई शुरू करने से पहले किसानों का यह बकाया भुगतान किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो किसान अपना आंदोलन और तेज करेंगे। इस अवसर पर राज्य संगठन सचिव अट्टाहल्ली देवराज और जिला महासचिव बरदनापुरा नागराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


















