तूतीकोरिन: तमिलनाडु में छह गुड़ व्यापारियों पर हाल ही में लगाए गए ₹38 करोड़ के जीएसटी मांग नोटिस के बाद पारंपरिक पनंगरुपट्टी (ताड़ का गुड़) के नाम पर चीनी मिले हुए गुड़ की बड़े पैमाने पर बिक्री को लेकर चिंता फिर बढ़ गई है। कार्यकर्ताओं ने मिलावटी उत्पादों के खिलाफ अधिकारियों से कार्रवाई तेज करने की मांग की है। वाणिज्यिक कर एवं पंजीकरण विभाग ने यह कर मांग तब जारी की, जब जांच में कथित तौर पर सामने आया कि, व्यापारी 2019 से सफेद चीनी मिलाकर गुड़ तैयार कर रहे थे और उसे पारंपरिक पथनेर से बने पाम गुड़ के रूप में बेच रहे थे। आरोप है कि इस दौरान वे कम जीएसटी दर का भुगतान कर रहे थे।
पनंगरुपट्टी एक पारंपरिक ताड़ का गुड़ है, जिसे गर्मियों के दौरान पनैयरा (ताड़) के पेड़ों से निकाले जाने वाले रस यानी पथनेर को उबालकर तैयार किया जाता है। इसे पारंपरिक औषधीय गुणों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है और इसे तैयार करते समय इसमें चीनी नहीं मिलाई जाती। अधिकारियों के अनुसार, असली पाम गुड़ की खुले रूप में बिक्री जीएसटी से मुक्त है, जबकि पैकेज्ड पाम गुड़ पर 5 प्रतिशत जीएसटी लगता है। हालांकि, चीनी मिले हुए गुड़ को अलग श्रेणी में रखा जाता है और उस पर 18 प्रतिशत जीएसटी लागू होता है।
कथित कर चोरी का मामला तब सामने आया जब अधिकारियों ने उदनगुडी क्षेत्र के गुड़ व्यापारियों के जीएसटी रिटर्न की जांच की।उदनगुडी पाम गुड़ उत्पादन का एक प्रमुख क्षेत्र है और यहां कई कारोबारियों ने सालाना ₹5 करोड़ से अधिक का कारोबार दर्ज किया था। जांच के दौरान अधिकारियों को कथित तौर पर कई विनिर्माण इकाइयों में बड़ी मात्रा में सफेद चीनी का भंडारण मिला। खरीद रिकॉर्ड में बड़ी मात्रा में चीनी की खरीद का पता चलने के बाद अधिकारियों ने जांच आगे बढ़ाई और व्यापारियों से पूछताछ की।
विभाग के अनुसार, व्यापारियों ने लिखित बयानों में स्वीकार किया कि व्यावसायिक गुणवत्ता वाले गुड़ के निर्माण के दौरान उसमें चीनी मिलाई जाती थी और बाद में इसे पनंगरुपट्टी के नाम से बाजार में बेचा जाता था। अधिकारियों ने कहा कि, व्यापारियों ने पैकेज्ड उत्पादों पर 5 प्रतिशत जीएसटी या थोक बिक्री पर कोई जीएसटी नहीं चुकाया, जबकि लागू दर 18 प्रतिशत थी। इससे सरकारी राजस्व को काफी नुकसान हुआ।
तिरुनेलवेली डिवीजन के संयुक्त आयुक्त द्वारा मांग नोटिस जारी किए गए हैं और छह व्यापारियों के खिलाफ वसूली की कार्रवाई करीब तीन सप्ताह पहले शुरू की गई। पाम क्षेत्र से जुड़े कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि मिलावटी उत्पादों से जीआई टैग प्राप्त उदनगुडी पाम गुड़ की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता वी. गुणसेलन ने आरोप लगाया कि, 100 से अधिक व्यापारी अब भी चीनी मिले हुए गुड़ का निर्माण कर उसे असली पाम गुड़ के रूप में बेच रहे हैं। उन्होंने व्यापक स्तर पर प्रवर्तन अभियान चलाने की मांग की।साथनकुलम तेनपगुति किसान संघ के अध्यक्ष ए. लॉर्डमणि ने भी मिलावटी पाम गुड़ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।















