E20 से इंजन क्षति की कोई शिकायत नहीं मिली; शिकायतों का आंकड़ा शून्य: केंद्र सरकार

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने राज्यसभा को बताया कि वाहन निर्माताओं, ऑटोमोबाइल संगठनों या उपभोक्ता संगठनों की ओर से E20 एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण इंजन फेल होने, जंग लगने या प्रदर्शन से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर कोई व्यापक या प्रमाणित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। सरकार के अनुसार, वर्षवार और राज्यवार शिकायतों का आंकड़ा शून्य दर्ज किया गया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने राज्यसभा सांसद डॉ. जॉन ब्रिटास के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी।

सांसद ने पिछले तीन वर्षों में प्राप्त शिकायतों का विवरण मांगा था और यह भी पूछा था कि 23 जून 2026 की प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की विज्ञप्ति में सरकार ने किस आधार पर यह निष्कर्ष निकाला कि इथेनॉल मिश्रण के कारण इंजन फेल होने या वाहनों के खराब होने की कोई व्यापक समस्या सामने नहीं आई है। मंत्री ने बताया कि, भारत ने अपने मूल लक्ष्य से पांच वर्ष पहले ही पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य हासिल कर लिया। एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (ESY) 2013-14 में औसत मिश्रण करीब 1.53 प्रतिशत था, जो 2020-21 में लगभग 8.1 प्रतिशत, 2022-23 में करीब 12 प्रतिशत और 2024-25 में लगभग 19.2 प्रतिशत हो गया। नवंबर 2025 से जून 2026 के दौरान यह 20 प्रतिशत रहा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि, ESY 2014-15 से एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (EBP) कार्यक्रम के तहत ₹1.97 लाख करोड़ से अधिक की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है। इसके अलावा करीब 316 लाख मीट्रिक टन कच्चे तेल का विकल्प तैयार हुआ, लगभग 952 लाख मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन से बचाव हुआ और किसानों को ₹1.66 लाख करोड़ से अधिक की अतिरिक्त आय मिली। मंत्री ने कहा कि सरकार ने सोशल मीडिया पर उठाई गई चिंताओं का संज्ञान लिया था। हालांकि, ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI), सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM), इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (IIP) और वाहन निर्माताओं द्वारा किए गए प्रयोगशाला अध्ययनों तथा मैदानी परीक्षणों में इन चिंताओं को तकनीकी साक्ष्यों का समर्थन नहीं मिला।

पानी में मिलावट की चिंताओं पर भी सरकार का जवाब

पानी से ईंधन के दूषित होने की आशंकाओं पर मंत्री ने कहा कि तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने सरकार को बताया है कि वाहन चालकों को सावधान करने वाली कोई एडवाइजरी जारी नहीं की गई, क्योंकि उनके द्वारा आपूर्ति किया जाने वाला एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के मानकों के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि, मिलावट का पता लगाने के लिए OMCs ने पिछले 10 से 20 दिनों में खुदरा बिक्री केंद्रों पर 30,000 से अधिक गुणवत्ता जांच की हैं। राज्य सरकारों से भी ईंधन में मिलावट के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा गया है।

मंत्री ने कहा कि, PIB की विज्ञप्ति में दिया गया निष्कर्ष दो दशकों से अधिक समय से चल रहे चरणबद्ध कार्यान्वयन, व्यापक वैज्ञानिक सत्यापन और वाहन निर्माताओं के मैदानी आंकड़ों पर आधारित है। उन्होंने बताया कि, एक मूल वाहन निर्माता (OEM) ने वित्त वर्ष 2025-26 में 2.84 करोड़ वाहनों की सर्विस की। इनमें करीब 1.5 करोड़ ऐसे वाहन भी शामिल थे, जिन्हें मूल रूप से E20 के अनुकूल प्रमाणित नहीं किया गया था। इसके बावजूद E20 से जुड़ी जंग या असामान्य घिसावट की कोई रिपोर्ट नहीं मिली।

मंत्री ने कहा कि, एक अन्य वाहन निर्माता के लंबे समय तक निगरानी में रखे गए 1.4 करोड़ E20 पर चलने वाले वाहनों के आंकड़ों में भी एथेनॉल के कारण जंग लगने का कोई प्रमाण नहीं मिला। उन्होंने कहा कि वाहन निर्माता अब भी वारंटी दायित्वों का पालन कर रहे हैं, जो ईंधन की अनुकूलता में उनके भरोसे को दर्शाता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here