नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने राज्यसभा को बताया कि, पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण के लक्ष्य से खाद्य फसलों की उपलब्धता या देश की खाद्य सुरक्षा प्रभावित नहीं हुई है। सरकार के अनुसार, सभी कल्याणकारी योजनाओं और बफर स्टॉक की जरूरतें पूरी होने के बाद केवल अतिरिक्त खाद्यान्न को ही एथेनॉल उत्पादन के लिए डायवर्ट किया जाता है।पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने राज्यसभा सांसद सागरिका घोष के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। सवाल में इथेनॉल मिश्रण का खाद्य फसलों की उपलब्धता पर प्रभाव पूछा गया था।
मंत्री ने बताया कि, सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खुली खरीद प्रणाली का पालन करती है। इसके तहत सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), अन्य कल्याणकारी योजनाओं और निर्धारित बफर स्टॉक के लिए खरीद को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि, खाद्य सुरक्षा से जुड़ी सभी जरूरतें पूरी होने के बाद खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा निर्धारित केवल अतिरिक्त खाद्यान्न को ही इथेनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति दी जाती है।
मंत्री ने कहा कि, एथेनॉल कार्यक्रम ‘कचरे से संपदा’ (Waste-to-Wealth) के दृष्टिकोण पर आधारित है। इसके तहत खराब खाद्यान्न, टूटे चावल और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त खाद्यान्न जैसे अतिरिक्त कृषि उत्पादों का इस्तेमाल किया जाता है, जो अन्यथा कम उपयोग में आते या भंडारण के दौरान खराब हो जाते। उन्होंने कहा कि, सरकार प्रधानमंत्री जी-वन योजना के तहत कृषि अवशेषों से दूसरी पीढ़ी (2G) के इथेनॉल उत्पादन को भी बढ़ावा दे रही है। इसका उद्देश्य खाद्य आधारित कच्चे माल पर निर्भरता को और कम करना है।
एथेनॉल उत्पादन के लिए कितना खाद्यान्न डायवर्ट हुआ?
मंत्री के अनुसार, भारतीय खाद्य निगम (FCI) से प्राप्त अतिरिक्त चावल की मात्रा ESY 2024-25 में 31.11 लाख मीट्रिक टन (LMT) और ESY 2025-26 में 30 जून 2026 तक 39.28 LMT रही। ESY 2023-24 में अतिरिक्त चावल को एथेनॉल उत्पादन के लिए डायवर्ट नहीं किया गया था। मक्के की डायवर्जन मात्रा ESY 2023-24 में 75.38 LMT रही, जो ESY 2024-25 में बढ़कर 131.18 LMT हो गई। ESY 2025-26 में 30 जून 2026 तक यह मात्रा 67.87 LMT रही।
खाद्य महंगाई पर भी असर नहीं
खुदरा खाद्य महंगाई पर प्रभाव के बारे में मंत्री ने कहा कि चीनी की औसत खुदरा कीमत उचित दायरे में बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इथेनॉल उत्पादन के लिए केवल अतिरिक्त चीनी को ही डायवर्ट किया जाता है। 2024-25 के चीनी सीजन की तुलना में खुदरा चीनी कीमतों में सालाना वृद्धि करीब 2.5 प्रतिशत रही है। मंत्री ने कहा कि FCI के अतिरिक्त चावल को इथेनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल करने से खुदरा खाद्य महंगाई पर कोई असर नहीं पड़ा है, क्योंकि केवल वही चावल इस्तेमाल किया जा रहा है जो NFSA, कल्याणकारी योजनाओं और बफर स्टॉक की जरूरतों से अधिक उपलब्ध है।

















