नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में पड़ी लावारिस राशि और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के निष्क्रिय खातों में जमा धनराशि को मौजूदा व्यवस्था के अलावा किसी अन्य उद्देश्य के लिए इस्तेमाल करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। लोकसभा में लिखित जवाब देते हुए वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि, भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) के 19 जून 2024 के मास्टर सर्कुलर के तहत 10 वर्ष से अधिक समय से दावा न की गई बीमा राशि को वरिष्ठ नागरिक कल्याण कोष (SCWF) में स्थानांतरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इन निधियों के किसी अन्य उद्देश्य के लिए इस्तेमाल का कोई प्रस्ताव नहीं है।
LIC में 7,318.50 करोड़ रुपये की लावारिस राशि
मंत्री के अनुसार, 31 मार्च 2026 तक LIC में कुल 7,318.50 करोड़ रुपये की लावारिस राशि थी। इसमें 5,564.55 करोड़ रुपये पॉलिसीधारकों की मूल राशि और 1,753.95 करोड़ रुपये उस राशि पर अर्जित आय शामिल है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि EPFO में कोई ‘लावारिस खाता’ नहीं है। हालांकि, 31 मार्च 2026 तक निष्क्रिय EPF खातों में कुल 9,330.56 करोड़ रुपये जमा थे।सरकार ने बताया कि LIC और EPFO लाभार्थियों की पहचान करने और लंबित दावों का निपटारा कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
LIC कर रहा है पॉलिसीधारकों और नामांकित व्यक्तियों से संपर्क
सरकार के अनुसार, LIC अपनी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पॉलिसीधारकों को लावारिस राशि की जानकारी खोजने की सुविधा देता है। इसके अलावा पॉलिसीधारकों और नामांकित व्यक्तियों का पता लगाने के लिए पत्र, SMS, स्थानीय एजेंटों, बीमा सखियों और क्रेडिट ब्यूरो एजेंसियों के माध्यम से संपर्क किया जा रहा है। LIC ने वित्त मंत्रालय के ‘आपका पैसा-आपका अधिकार’ अभियान में भी भाग लिया है और देशभर में कई भाषाओं में जागरूकता विज्ञापन चलाए जा रहे हैं।
EPFO निष्क्रिय खातों के निपटारे के लिए नई पहल
EPFO के संबंध में सरकार ने बताया कि, निष्क्रिय खातों को KYC की स्थिति के आधार पर वर्गीकृत किया गया है। आधार से सत्यापित ऐसे निष्क्रिय खातों, जिनमें 1,000 रुपये या उससे कम राशि है, के स्वत: निपटारे के लिए एक पायलट परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस पहल के तहत बिना नए दावे या अतिरिक्त दस्तावेजों के राशि सीधे आधार से जुड़े बैंक खातों में जमा की जाएगी। उचित जांच-पड़ताल के बाद इस मॉडल को अधिक राशि वाले खातों तक विस्तारित करने का प्रस्ताव है। सरकार ने बताया कि निष्क्रिय EPF खातों में जमा राशि की पहचान और दावा करने में सदस्यों की मदद के लिए सोशल मीडिया और ‘निधि आपके निकट (NAN) 2.0’ शिविरों के माध्यम से भी जागरूकता एवं संपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं।


















