प्रीमियम पेट्रोल में नहीं होगी एथेनॉल मिश्रण, E0 और E10 पेट्रोल की वापसी की भी कोई योजना नहीं: सरकार

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि, सरकारी तेल कंपनियों द्वारा बेचे जाने वाले प्रीमियम ग्रेड पेट्रोल की आपूर्ति फिलहाल बिना एथेनॉल मिश्रण के जारी रहेगी। साथ ही, पेट्रोल में 20 प्रतिशत से अधिक एथेनॉल मिलाने को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है और E0 या E10 पेट्रोल की आपूर्ति फिर से शुरू करने का भी कोई प्रस्ताव नहीं है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने लोकसभा में लिखित जवाब में बताया कि, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन का XP100, हिंदुस्तान पेट्रोलियम का poWer100 और भारत पेट्रोलियम का Speed100 जैसे प्रीमियम पेट्रोल एथेनॉल के साथ मिश्रित नहीं किए जाते हैं। ये विशेष प्रदर्शन बढ़ाने वाले एडिटिव्स वाले प्रीमियम ईंधन हैं और देश में कुल पेट्रोल बिक्री का लगभग 0.5 प्रतिशत ही हैं। इन प्रीमियम पेट्रोल की कीमत करीब 160 रुपये प्रति लीटर है, जबकि सामान्य पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर है। सामान्य पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाया जाता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

20 प्रतिशत से अधिक एथेनॉल मिश्रण पर वैज्ञानिक अध्ययन के बाद फैसला

मंत्री ने कहा कि, पेट्रोल में 20 प्रतिशत से अधिक एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने का कोई भी निर्णय विस्तृत वैज्ञानिक और तकनीकी अध्ययन तथा वाहन निर्माताओं, तेल विपणन कंपनियों और शोध संस्थानों के साथ विचार-विमर्श के बाद ही लिया जाएगा।उन्होंने बताया कि, एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक और निजी ईंधन विक्रेताओं को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 20 प्रतिशत तक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।1 अप्रैल 2026 से न्यूनतम 95 रिसर्च ऑक्टेन नंबर (RON) वाले एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को भी अधिसूचित किया गया है।

E20 पेट्रोल को लेकर व्यापक शिकायत नहीं

सरकार ने कहा कि, वाहन निर्माताओं, ऑटोमोबाइल संगठनों या उपभोक्ता संगठनों की ओर से E20 ईंधन को लेकर व्यापक और प्रमाणित शिकायतें प्राप्त नहीं हुई हैं। प्रयोगशाला अध्ययनों, फील्ड ट्रायल और परिचालन संबंधी आंकड़ों से इंजन की टिकाऊपन, प्रदर्शन या वाहन की उम्र पर व्यापक प्रतिकूल प्रभाव का कोई प्रमाण नहीं मिला है। मंत्री के अनुसार, देश में 20 करोड़ से अधिक दोपहिया वाहन और 3 करोड़ से अधिक पेट्रोल कारें उच्च एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन पर चल रही हैं। अब तक एथेनॉल मिश्रण के कारण व्यापक स्तर पर इंजन खराब होने का कोई सत्यापित प्रमाण सामने नहीं आया है।

E0 और E10 पेट्रोल की वापसी का कोई प्रस्ताव नहीं

सरकार ने E0 और E10 पेट्रोल की आपूर्ति फिर से शुरू करने की संभावना से भी इनकार किया है। सरकार का कहना है कि देशभर में E0, E10 और E20 पेट्रोल के लिए अलग-अलग आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने से लॉजिस्टिक्स, भंडारण और ईंधन प्रबंधन की लागत काफी बढ़ जाएगी। सुरेश गोपी ने कहा कि व्यापक परीक्षण के बाद वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित और ऑटोमोबाइल उद्योग द्वारा स्वीकार किए जा चुके ईंधन से पीछे हटकर E0 या E10 पेट्रोल पर लौटने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

E0 पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा शून्य होती है, जबकि E10 पेट्रोल में 10 प्रतिशत एथेनॉल मिलाया जाता है। वर्तमान में देशभर के एक लाख से अधिक पेट्रोल पंपों पर E20 पेट्रोल उपलब्ध है, जिसमें 80 प्रतिशत पेट्रोल और 20 प्रतिशत एथेनॉल होता है। वहीं, प्रीमियम ग्रेड पेट्रोल चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर ही उपलब्ध है।सरकार ने कहा कि सार्वजनिक नीति का उद्देश्य बेहतर और स्वच्छ ईंधन की ओर आगे बढ़ना है, न कि पुराने मानक पर वापस लौटना। सरकार के अनुसार, ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरणीय स्थिरता और किसानों के हितों के साथ उपभोक्ताओं की सुविधा के बीच संतुलन बनाना आवश्यक है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here