देश के 40 जिलों में भूमि और फसल आधारित सब्सिडी वाले उर्वरक बिक्री सिस्टम का पायलट प्रोजेक्ट शुरू: सरकार

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने किसानों को सब्सिडी वाले उर्वरकों की बिक्री और वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ नामक यह पहल 20 राज्यों के 40 जिलों में चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है। संसद को शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने लिखित जवाब में बताया कि उर्वरक विभाग और कृषि एवं किसान कल्याण विभाग मिलकर इस पायलट प्रोजेक्ट को संचालित कर रहे हैं।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत किसान या उनके अधिकृत प्रतिनिधि मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण करा सकेंगे। इसमें किसान अपनी भूमि और बोई गई फसल का विवरण दर्ज कर उर्वरक की जरूरत को पहले से बुक कर सकेंगे।मंत्री ने कहा कि इस पहल का पायलट अब तक 20 राज्यों के 40 जिलों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा चुका है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

देशभर में डीबीटी व्यवस्था लागू

सरकार ने बताया कि, उर्वरक विभाग ने तेलंगाना समेत पूरे देश में सब्सिडी वाले उर्वरकों की बिक्री के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) व्यवस्था लागू की है। इसके तहत आधार आधारित प्रमाणीकरण के माध्यम से किसानों को रियायती दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाता है। वर्ष 2025-26 के दौरान देशभर में करीब 2.87 लाख सक्रिय खुदरा विक्रेताओं के नेटवर्क के माध्यम से 8.4 करोड़ लाभार्थी किसानों को कुल 746.57 लाख मीट्रिक टन सब्सिडी वाले उर्वरक बेचे गए। इस अवधि में केंद्र सरकार ने 2.17 लाख करोड़ रुपये की उर्वरक सब्सिडी प्रदान की।

सब्सिडी वाले उर्वरक की बिक्री के लिए आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य

जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि डीबीटी व्यवस्था के तहत सब्सिडी वाले उर्वरकों की बिक्री के लिए 100 प्रतिशत आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य है। उर्वरकों का समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने प्रत्येक खरीदार के लिए प्रति माह 50 बोरी की खरीद सीमा तय की है। हालांकि, तेलंगाना में प्रति खरीदार प्रति एकड़ दो बोरी यूरिया की अलग सीमा लागू है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में एक खरीदार को प्रति सीजन 60 बोरी तक उर्वरक खरीदने की अनुमति है।

मंत्री ने बताया कि उर्वरक खरीद से संबंधित रिपोर्ट की निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड फर्टिलाइजर मैनेजमेंट सिस्टम (iFMS) के डैशबोर्ड उपलब्ध हैं, जिनका इस्तेमाल राज्य के अधिकारी कर सकते हैं। इसके अलावा, 20 राज्यों के चिन्हित 40 जिलों में चल रहे ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ पायलट प्रोजेक्ट के तहत पात्र किसानों को उनकी भूमि के आकार और बोई गई फसल के आधार पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here