नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने देशभर की चीनी मिलों में उपलब्ध चीनी स्टॉक की भौतिक जांच कराने का निर्णय लिया है। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के तहत चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय द्वारा यह सत्यापन अभियान 1 अगस्त से 14 अगस्त 2026 के बीच चलाया जाएगा। सभी चीनी मिलों को भेजे गए पत्र के अनुसार, इस अभियान को राज्य के चीनी एवं गन्ना आयुक्तों के समन्वय से पूरा किया जाएगा। सत्यापन टीमों में निदेशालय और संबंधित राज्य सरकारों के अधिकारी शामिल होंगे।
जून 2026 के पी-2 रिटर्न में दर्ज चीनी स्टॉक को जांच के लिए आधार माना जाएगा। जुलाई 2026 के दौरान मिलों द्वारा बेची या भेजी गई चीनी की मात्रा को समायोजित करने के बाद निरीक्षण के दिन उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का मिलान किया जाएगा।
निर्देश के अनुसार, यदि जुलाई की बिक्री और डिस्पैच को समायोजित करने के बाद जून के पी-2 रिटर्न में दर्ज स्टॉक और मिल में उपलब्ध वास्तविक स्टॉक में अंतर पाया जाता है, तो इसे चीनी नियंत्रण आदेश का उल्लंघन माना जाएगा। संबंधित मिल के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955, चीनी नियंत्रण आदेश, 2025 और अन्य लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
निदेशालय ने यह भी कहा है कि, जुलाई 2026 की बिक्री के आंकड़ों का मिलान संबंधित जीएसटी बिक्री आंकड़ों से किया जाएगा। किसी भी विसंगति की स्थिति में संबंधित मिल को अक्टूबर 2026 का घरेलू चीनी कोटा आवंटित नहीं किया जा सकता है। इसके अलावा, कानून के तहत अन्य कार्रवाई भी की जा सकती है।
सरकार ने सभी चीनी मिलों को निर्देश दिया है कि, बिक्री और डिस्पैच का सही रिकॉर्ड बिक्री पुस्तकों और अन्य संबंधित दस्तावेजों में दर्ज किया जाए तथा निरीक्षण के दिन मिल में मौजूद वास्तविक स्टॉक की स्थिति से रिकॉर्ड का सही मिलान हो।यह आदेश 24 जुलाई 2026 को चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय के निदेशक अरविंद कुमार रावत द्वारा सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया।















