फिलीपींस : ईंधन की ऊंची कीमतों से बायोफ्यूल बाजार पर दबाव, एथेनॉल और बायोडीजल की खपत में मामूली बढ़ोतरी की उम्मीद

मनीला : फिलीपींस में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण जैव ईंधन की मांग प्रभावित हो रही है। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के अनुसार, देश में जैव ईंधन की खपत इस वर्ष केवल 1 से 2 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है। 23 जुलाई को जारी अपनी रिपोर्ट में USDA ने कहा कि, घरेलू फ्यूल एथेनॉल और बायोडीजल, दोनों की खपत में वृद्धि की रफ्तार इस साल धीमी पड़ने की संभावना है।

एथेनॉल की खपत 2% बढ़ने का अनुमान

ChiniMandi WhatsApp Channel

USDA के अनुसार, फिलीपींस में फ्यूल एथेनॉल की खपत वर्ष 2025 के 860 मिलियन लीटर से बढ़कर इस वर्ष 875 मिलियन लीटर पहुंच सकती है। यानी इसमें करीब 2 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है।वहीं, बायोडीजल की खपत पिछले वर्ष के 346 मिलियन लीटर से बढ़कर 350 मिलियन लीटर होने की उम्मीद है, जो करीब 1 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।हालांकि, यह वृद्धि पिछले साल की तुलना में काफी कम है। पिछले वर्ष फ्यूल एथेनॉल की खपत में 5 प्रतिशत और बायोडीजल की खपत में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।

महंगे ईंधन से वाहनों की बिक्री और पेट्रोल की मांग प्रभावित

USDA ने धीमी वृद्धि के लिए कुल ईंधन मांग में नरमी और मध्य-पूर्व में जारी संघर्षों के कारण बढ़ी पेट्रोल कीमतों को जिम्मेदार बताया है। एजेंसी के अनुसार, मार्च से मई के बीच पेट्रोल की औसत कीमत करीब 85 फिलीपीन पेसो प्रति लीटर रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 46 प्रतिशत अधिक है।महंगे ईंधन का असर वाहनों की बिक्री और पेट्रोल की कुल मांग पर पड़ा है। यही दोनों क्षेत्र जैव ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

E20 एथेनॉल मिश्रण को लेकर भी धीमी प्रगति

फ्यूल एथेनॉल की मांग पर देश में E20 मिश्रण उपलब्ध कराने वाले पेट्रोल पंपों की कम संख्या का भी असर पड़ रहा है। फिलहाल पूरे देश में केवल नौ पेट्रोल पंप E20 मिश्रण उपलब्ध करा रहे हैं। USDA के अनुसार, वाहनों की E20 ईंधन के साथ अनुकूलता को लेकर बनी अनिश्चितता इसकी मांग को सीमित कर रही है। ईंधन खुदरा विक्रेता बिक्री बढ़ाने के लिए इस चिंता को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। फिलीपींस में फिलहाल 20 प्रतिशत बायोएथेनॉल मिश्रण यानी E20 स्वैच्छिक आधार पर लागू है, जबकि देश में बिकने वाले पेट्रोल में E10 मिश्रण अनिवार्य है।

बायोडीजल में B3 मिश्रण अनिवार्य

USDA के अनुसार, बायोडीजल की खपत में मामूली वृद्धि का प्रमुख कारण B3 नीति का जारी रहना है। इसके तहत डीजल में 3 प्रतिशत बायोडीजल मिलाना अनिवार्य है। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में नारियल तेल की ऊंची कीमतों के कारण 2025 में B4 और 2026 में B5 मिश्रण लागू करने की प्रस्तावित वृद्धि को पहले ही स्थगित कर दिया था। हालांकि, पिछले महीने कृषि विभाग ने B5 मिश्रण बढ़ाने की मांग का समर्थन किया। इससे ईंधन की बढ़ती कीमतों का असर कम करने के साथ-साथ करीब 35 लाख नारियल किसानों को लाभ पहुंचने की उम्मीद है।

घरेलू एथेनॉल उत्पादन बढ़ेगा, फिर भी आयात पर निर्भरता कायम

USDA के अनुमान के मुताबिक, फिलीपींस में घरेलू फ्यूल एथेनॉल उत्पादन इस वर्ष 377 मिलियन लीटर से बढ़कर 385 मिलियन लीटर हो सकता है। उत्पादन में सुधार के बावजूद देश की कुल एथेनॉल जरूरत का करीब 56 प्रतिशत हिस्सा आयात से पूरा होने का अनुमान है, ताकि अनिवार्य E10 और स्वैच्छिक E20 मिश्रण की मांग पूरी की जा सके। फ्यूल एथेनॉल का आयात इस वर्ष 485 मिलियन लीटर से बढ़कर 490 मिलियन लीटर होने की संभावना है। अमेरिका इस क्षेत्र में फिलीपींस का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता बना हुआ है।

बायोडीजल उत्पादन में 6% वृद्धि की उम्मीद

USDA ने कहा कि देश में बायोडीजल उत्पादकों की संख्या बढ़ने से घरेलू बायोडीजल उत्पादन 348 मिलियन लीटर से बढ़कर 370 मिलियन लीटर हो सकता है। यह करीब 6 प्रतिशत की वृद्धि होगी। फिलीपींस में बायोडीजल के आयात की अनुमति नहीं है। हालांकि, USDA का मानना है कि डीजल की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए बायोडीजल का आयात एक संभावित समाधान हो सकता है।

जैव ईंधन से आयातित ईंधन पर निर्भरता घटाने की योजना

फिलीपींस के बायोफ्यूल्स एक्ट के तहत सरकार का लक्ष्य आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करना है। इसके लिए तेल कंपनियों को मोटर वाहनों और इंजनों में इस्तेमाल होने वाले तरल ईंधनों में स्थानीय स्तर पर उत्पादित जैव ईंधन मिलाना अनिवार्य किया गया है। हालांकि, बढ़ती ईंधन कीमतों और कमजोर मांग के बीच फिलीपींस के जैव ईंधन क्षेत्र की वृद्धि की रफ्तार इस वर्ष धीमी रहने का अनुमान है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here