चीनी आयात पर निर्भरता घटाने के लिए फिलीपींस को आधुनिक खेती, बेहतर मिलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत : UA&P-CFA

मनीला : फिलीपींस को चीनी के आयात पर निर्भरता कम करने के लिए गन्ने की खेती की उत्पादकता बढ़ाने, चीनी रिकवरी में सुधार करने और चीनी मिलों के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की जरूरत है। यूनिवर्सिटी ऑफ एशिया एंड द पैसिफिक के सेंटर फॉर फूड एंड एग्रीबिजनेस (UA&P-CFA) की एक नीतिगत रिपोर्ट में यह बात कही गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, फिलीपींस के चीनी उद्योग में घरेलू उत्पादन बढ़ाने और आयात पर निर्भरता घटाने की व्यापक संभावनाएं हैं। हालांकि, गन्ने की खेती का छोटे-छोटे भूखंडों में बंटा होना, उत्पादन लागत का अधिक होना और मिलों की कार्यक्षमता कमजोर होना जैसी संरचनात्मक समस्याएं उद्योग की प्रगति में बाधा बनी हुई हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

वर्ष 2021 से 2025 के बीच फिलीपींस के चीनी आयात में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इस आयात में कच्ची और रिफाइंड गन्ना चीनी, चुकंदर से बनी चीनी और रासायनिक रूप से शुद्ध सुक्रोज शामिल हैं। वर्ष 2023 में चीनी आयात बढ़कर 7,10,500 टन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद 2024 में इसमें तेज गिरावट आई। हालांकि, 2025 में आयात में फिर 61.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह करीब 4,59,000 टन तक पहुंच गया।

वर्ष 2025 में थाईलैंड फिलीपींस को चीनी उत्पादों की आपूर्ति करने वाला सबसे बड़ा देश रहा। इसके अलावा मलेशिया, इंडोनेशिया, वियतनाम और कोलंबिया से भी चीनी का आयात किया गया। UA&P-CFA ने गन्ने की खेती के छोटे और बिखरे हुए भूखंडों को उत्पादकता बढ़ाने में बड़ी बाधा बताया है। रिपोर्ट के मुताबिक, बड़ी संख्या में किसान छोटे स्तर पर खेती करते हैं और उनके पास मशीनीकरण, सिंचाई तथा आधुनिक कृषि तकनीकों में निवेश करने के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन नहीं हैं। खेतों का एकीकरण और किसानों के बीच बेहतर समन्वय नहीं होने से भी उत्पादकता सुधारने के प्रयास प्रभावित होते हैं।

रिपोर्ट में चीनी मिलिंग क्षेत्र की परिचालन संबंधी कमियों पर भी चिंता जताई गई है। इसमें पुरानी मशीनरी, मिलों की उत्पादन क्षमता का पूरा उपयोग नहीं होना और खेतों से बाजार तक पहुंचने वाली सड़कों की खराब स्थिति प्रमुख समस्याएं बताई गई हैं। इन कमियों के कारण उत्पादन लागत बढ़ती है और चीनी रिकवरी प्रभावित होती है। रिपोर्ट के अनुसार, बुनियादी ढांचे में निवेश, आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने, मूल्यवर्धित उत्पादों के प्रसंस्करण और निजी क्षेत्र की अधिक भागीदारी से फिलीपींस के चीनी उद्योग की उत्पादन क्षमता को बढ़ाया जा सकता है। इससे आयात पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।

एल नीनो के खतरे से चीनी उत्पादन अनुमान घटाया

इसी बीच, अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) ने विपणन वर्ष 2026-27 के लिए फिलीपींस के कच्ची चीनी उत्पादन का अनुमान घटा दिया है। इसके पीछे एल नीनो के संभावित खतरे सहित कई कारकों को जिम्मेदार बताया गया है। मनीला स्थित USDA की विदेशी कृषि सेवा (FAS) की रिपोर्ट के अनुसार, विपणन वर्ष 2026-27 में फिलीपींस का कच्ची चीनी उत्पादन 17 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। यह विपणन वर्ष 2025-26 के लिए लगाए गए 18.5 लाख मीट्रिक टन के अनुमान से करीब 8 प्रतिशत कम है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here