पटना : बिहार विधानसभा के 19 से 24 जुलाई तक चले पांच दिवसीय मानसून सत्र के दौरान कई ऐसे मौके आए, जब विपक्ष की गैरमौजूदगी में सत्ता पक्ष के ही विधायकों ने सरकार को घेरा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति के बीच NDA के विधायकों ने बंद चीनी मिलों, किसानों के बकाये और मिलों की जमीन की बिक्री को लेकर सरकार से जवाब मांगा। भाजपा विधायक विनय बिहारी ने बंद पड़ी चीनी मिलों को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि, बिहार की जनता को केवल पर्यटन नहीं, बल्कि उद्योग और चीनी मिलें चाहिए।
उन्होंने कहा, “न नदी, न पहाड़ और न ही झील चाहिए, बिहार की जनता को चीनी मिल चाहिए। औद्योगिक विकास की गति न जाने किस जगह रुक गई है। मोतिहारी चीनी मिल चली नहीं, लेकिन किसानों की जमीन बिक गई।”विनय बिहारी ने कहा कि, पश्चिम चंपारण समेत राज्य के कई हिस्सों में चीनी मिलें लंबे समय से बंद हैं। इससे हजारों किसानों, मजदूरों और कर्मचारियों की आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार से पर्यटन के साथ-साथ औद्योगिक विकास को प्राथमिकता देने और बंद चीनी मिलों को दोबारा शुरू कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि बंद चीनी मिलों की जमीनों को बेचने की जरूरत क्यों पड़ी।
सासामुसा चीनी मिल पर किसानों और कर्मचारियों का करोड़ों बकाया
जदयू विधायक मंजीत सिंह ने गोपालगंज स्थित सासामुसा चीनी मिल का मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने उद्योग विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि, मिल बंद होने के बाद किसान और गरीब कर्मचारी लंबे समय से आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। विधायक के अनुसार, किसानों और कर्मचारियों का करोड़ों रुपये का बकाया अब तक नहीं मिल पाया है।उन्होंने आरोप लगाया कि, वर्षों से लंबित इस मामले में सरकार की ओर से अब तक ठोस पहल नहीं की गई।मंजीत सिंह ने सरकार से किसानों और कर्मचारियों के बकाये का भुगतान कराने तथा बंद चीनी मिलों को लेकर अपनी नीति स्पष्ट करने की मांग की।
बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू करने की मांग
बिहार विधानसभा में उठे इन मुद्दों से साफ है कि राज्य की बंद चीनी मिलें अब केवल उद्योग का विषय नहीं, बल्कि किसानों, मजदूरों और हजारों परिवारों की आजीविका से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन चुकी हैं। विधायकों ने सरकार से मांग की है कि बंद चीनी मिलों की जमीन बेचने के बजाय उनके पुनरुद्धार की संभावनाओं पर विचार किया जाए और किसानों तथा कर्मचारियों के लंबित बकाये का जल्द से जल्द भुगतान कराया जाए।


















