कमजोर मानसून का असर: मैसूरु में गन्ने की खेती बढ़ने की उम्मीद धूमिल, किसान रागी और मक्का की ओर हुए आकर्षित

मैसूरु (कर्नाटक): दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश होने के कारण कर्नाटक के मैसूरु जिले में किसान पानी की अधिक आवश्यकता वाली फसलों से दूरी बना रहे हैं। इसका सीधा असर आगामी सीजन में गन्ने की खेती के विस्तार पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। अपर्याप्त वर्षा और सिंचाई के लिए समय पर पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण कृषि विभाग ने किसानों को धान की खेती सीमित रखने की सलाह दी है। इसके बाद किसान अब सिंचित क्षेत्रों में भी रागी, मक्का और दलहन जैसी कम पानी में होने वाली फसलों की बुवाई को प्राथमिकता दे रहे हैं। कृषि अधिकारियों का कहना है कि ये फसलें कम पानी में अच्छी पैदावार देती हैं और मौसम की अनिश्चितता के बीच किसानों को अपेक्षाकृत स्थिर आय भी उपलब्ध कराती हैं।

कृषि विभाग ने इस वर्ष रागी की खेती का लक्ष्य बढ़ाकर 79,998 हेक्टेयर कर दिया है, जबकि पिछले वर्ष यह 62,000 हेक्टेयर था। इसी तरह मक्का की खेती का लक्ष्य 42,000 हेक्टेयर से बढ़ाकर 49,450 हेक्टेयर कर दिया गया है।जुलाई के मध्य तक जिले में लगभग 1.6 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई पूरी हो चुकी थी, जो कुल 3.7 लाख हेक्टेयर के लक्ष्य का केवल 42 प्रतिशत है। यह स्थिति सामान्य से कम वर्षा के प्रभाव को दर्शाती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

विशेषज्ञों का मानना है कि, यदि बारिश की कमी जारी रही और जलाशयों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचा, तो इसका असर गन्ने की खेती पर भी पड़ेगा। गन्ना एक लंबी अवधि और अधिक पानी की जरूरत वाली फसल है, इसलिए जल उपलब्धता में सुधार नहीं होने पर इसके रकबे में कमी आ सकती है। कम बारिश का असर कपास की खेती पर भी साफ दिखाई दे रहा है। जून महीने में मैसूरु में 53 प्रतिशत वर्षा की कमी दर्ज की गई। इसके चलते कपास की बुवाई केवल 7,090 हेक्टेयर में ही हो सकी, जबकि लक्ष्य 25,495 हेक्टेयर था। पिछले वर्ष जिले में 32,035 हेक्टेयर क्षेत्र में कपास की खेती हुई थी, लेकिन इस बार अब तक लक्ष्य का केवल 27 प्रतिशत ही पूरा हो पाया है।

कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक के.एच. रवि ने बताया कि, सिंचाई का पानी अभी तक उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को सिंचित और वर्षा आधारित दोनों क्षेत्रों में धान की बजाय रागी, मक्का और दलहन की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि, किसानों के लिए बीज और उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध कराया गया है।किसान नेता अत्ताहल्ली देवराज के अनुसार, वर्तमान में रागी लगभग ₹5,000 प्रति क्विंटल और मक्का ₹3,000 से ₹3,200 प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रही है। इन फसलों से किसानों को अच्छा लाभ मिलता है, साथ ही पशुओं के लिए चारा भी उपलब्ध होता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इनकी पानी की जरूरत धान की तुलना में काफी कम होती है, जिससे कमजोर मानसून के दौरान ये बेहतर विकल्प बनकर उभर रही हैं।

हालांकि मैसूरु कर्नाटक के प्रमुख गन्ना उत्पादक जिलों में शामिल नहीं है, लेकिन यदि वर्षा की कमी और सूखा सहन करने वाली फसलों की ओर किसानों का रुझान जारी रहा, तो आने वाले समय में जिले में गन्ने की खेती का रकबा प्रभावित हो सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here