अहिल्यानगर : महाराष्ट्र राज्य कृषि मूल्य आयोग के अध्यक्ष पाशा पटेल ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20) का विरोध करने वालों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, E20 का विरोध करना अगली पीढ़ी के भविष्य को खतरे में डालने जैसा है।उन्होंने आरोप लगाया कि, एथेनॉल के खिलाफ एक बड़ी लॉबी और सुनियोजित साजिश काम कर रही है, जो वर्षों से किसानों के हितों के खिलाफ रही है।
हाल के दिनों में NEET पेपर लीक के मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और वामपंथी छात्र संगठनों के नेतृत्व में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन हुआ था। आंदोलन के बाद सोशल मीडिया पर ‘E20 जनता पार्टी’ नाम से अभियान शुरू हुआ और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध तेज होने लगा। इसी पृष्ठभूमि में पाशा पटेल ने E20 के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि, आज गन्ने का शीरा (मोलासिस), मक्का, चावल और बांस से एथेनॉल तैयार किया जा रहा है। यदि इस एथेनॉल का उपयोग वाहनों में ईंधन के रूप में किया जाता है, तो इससे पर्यावरण संरक्षण होगा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि, E20 का विरोध करना पर्यावरण और मानवता दोनों के हितों के खिलाफ है।
पाशा पटेल ने दावा किया कि, देश में पिछले कई दशकों तक एथेनॉल को बढ़ावा नहीं दिया गया, क्योंकि पेट्रोल, डीजल और कोयले के आयात से जुड़े हितों वाली एक प्रभावशाली लॉबी इसका विरोध करती रही। उनके अनुसार, इसी वजह से किसानों द्वारा उत्पादित एथेनॉल को उचित अवसर नहीं मिल पाया।
उन्होंने कहा कि, ब्राजील जैसे देशों में वाहन 100 प्रतिशत एथेनॉल पर भी चलते हैं। ऐसे में भारत के लोगों को भी इस दिशा में सकारात्मक सोच अपनानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि, E20 का विरोध करने से पहले वे आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और पर्यावरण पर इसके प्रभाव के बारे में सोचें।
पाशा पटेल ने स्वीकार किया कि, एथेनॉल मिश्रित ईंधन से वाहनों का माइलेज कुछ कम हो सकता है, लेकिन उन्होंने कहा कि इसे मूल्य निर्धारण के माध्यम से संतुलित किया जा सकता है। वहीं, E20 से वाहनों का इंजन खराब होने के दावों को उन्होंने पूरी तरह गलत बताया।
उन्होंने कहा कि, अब फ्लेक्स-फ्यूल इंजन उपलब्ध हैं, जिनमें 85 प्रतिशत तक एथेनॉल मिश्रित ईंधन (E85) का उपयोग किया जा सकता है। उनका मानना है कि भविष्य में ऐसे ईंधनों का अधिक उपयोग करना आवश्यक होगा, तभी पर्यावरण और मानव जीवन को सुरक्षित रखा जा सकेगा।


















