मेरठ में जलभराव से गन्ना, ज्वार और मक्का की फसलें बर्बाद, किसानों ने मुआवजे की मांग की

मेरठ (उत्तर प्रदेश): लगातार हो रही बारिश ने जानी क्षेत्र के किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कुराली, नेक, ढडरा, टिकरी और खानपुर सहित कई गांवों में खेतों में पानी भर जाने और निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण सैकड़ों बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। कई दिनों से पानी भरा रहने के कारण गन्ना, ज्वार और मक्का की फसलें सड़ने लगी हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों का कहना है कि, लगातार वर्षा के बाद खेत तालाब में बदल गए हैं।जलभराव के कारण फसलों की जड़ें गल रही हैं और पौधे सूखकर नष्ट होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। किसानों ने बताया कि उन्होंने उधार लेकर बीज, खाद और सिंचाई पर निवेश किया था, लेकिन अब उनकी पूरी मेहनत पानी में डूबती नजर आ रही है। इसके साथ ही पशुओं के लिए हरा चारा लाने में भी भारी दिक्कत हो रही है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में यही समस्या उत्पन्न होती है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नालों और पानी निकासी के रास्तों की सफाई कराई जाती, तो फसलों को इतना नुकसान नहीं होता।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसानों ने प्रशासन और सिंचाई विभाग से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने, प्रभावित क्षेत्रों का फसल क्षति सर्वे कराने और किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए, ताकि भविष्य में किसानों को बार-बार ऐसी प्राकृतिक आपदा का सामना न करना पड़े।फिलहाल, गांवों के किसान अपनी मेहनत की फसल को पानी में डूबता देख बेहद चिंतित और मायूस हैं। इस दौरान वरुण चिकारा, केतन चिकारा, बबलू सैनी, रमेश सैनी, राजकुमार सिंह, मौजबीर पूनिया, पवन चौधरी और मनोज चौहान सहित कई किसान मौजूद रहे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here