एथेनॉल उत्पादन के लिए केवल अतिरिक्त एफसीआई चावल का उपयोग, खाद्य सुरक्षा पर कोई असर नहीं : केंद्र सरकार

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान सरकार ने स्पष्ट किया कि, एथेनॉल उत्पादन के लिए केवल भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अतिरिक्त (सरप्लस) चावल का ही उपयोग किया जाता है, जिससे देश की खाद्य सुरक्षा या राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत खाद्यान्न उपलब्धता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निंबूबेन जयंतीभाई बंभाणिया ने संसद में बताया कि एथेनॉल डिस्टिलरी मुख्य रूप से मक्का और टूटे हुए चावल (ब्रोकन राइस) की खरीद खुले बाजार से करती हैं। केंद्र सरकार ओपन मार्केट सेल स्कीम (डोमेस्टिक) [OMSS(D)] के तहत एफसीआई के अतिरिक्त चावल को एथेनॉल उत्पादन के लिए डिस्टिलरियों को उपलब्ध कराती है।

सरकार ने बताया कि, पिछले पांच वर्षों और चालू वर्ष में एफसीआई द्वारा उपलब्ध कराए गए अतिरिक्त चावल, मक्का तथा क्षतिग्रस्त खाद्यान्न/टूटे चावल का उपयोग एथेनॉल उत्पादन में किया गया है। यह व्यवस्था एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम के तहत लागू की जाती है। मंत्री ने कहा कि, सरकार पहले बफर स्टॉक बनाए रखने और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं (ओडब्ल्यूएस) की आवश्यकताओं को पूरा करती है। इसके बाद ही केंद्रीय पूल में उपलब्ध अतिरिक्त चावल को ओपन मार्केट सेल स्कीम के माध्यम से बेचा जाता है। इसी अतिरिक्त चावल का एक हिस्सा एथेनॉल उत्पादन के लिए आवंटित किया जाता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरकार के अनुसार, एफसीआई के अतिरिक्त चावल को एथेनॉल उत्पादन में उपयोग करने से खुदरा खाद्य मुद्रास्फीति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। वहीं, एथेनॉल उत्पादन में मक्का को शामिल करने से किसानों को अपनी उपज के लिए सुनिश्चित बाजार और बेहतर मूल्य प्राप्त हुआ है। सरकार ने यह भी बताया कि, वर्ष 2025-26 के तीसरे अग्रिम उत्पादन अनुमान के अनुसार देश में मक्का उत्पादन लगभग 550 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है, जो एथेनॉल उद्योग, पोल्ट्री, पशु चारा और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।

खाद्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने 14 अगस्त 2023 से एथेनॉल उत्पादन के लिए एफसीआई चावल की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दी थी। बाद में जब अतिरिक्त चावल का भंडार उपलब्ध हुआ, तो 2024-25 और 2025-26 एथेनॉल आपूर्ति वर्षों में फिर से एफसीआई चावल का आवंटन शुरू किया गया। सरकार ने कहा कि गन्ने के रस, बी-हेवी शीरा, सी-हेवी शीरा, मक्का, क्षतिग्रस्त खाद्यान्न और अतिरिक्त एफसीआई चावल जैसे विभिन्न फीडस्टॉक के उपयोग से एथेनॉल उत्पादन में किसी एक फसल पर निर्भरता कम हुई है और कृषि विविधीकरण को बढ़ावा मिला है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here